TRENDING TAGS :
UP Weather Alert: भीषण लू से UP बना ‘भट्टी’! 33 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट, लखनऊ समेत कई शहरों में पारा 47°C
UP Weather Alert: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के लगभग 33 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है।
UP Weather Alert
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना फिलहाल बेहद मुश्किल कर दिया है। आज 18 मई 2026 यानी सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में भीषण लू और तेज गर्म हवाओं का भयंकर प्रकोप देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के लगभग 33 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल तक तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के वक़्त घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
लखनऊ में आज तेज धूप और उमस
राजधानी लखनऊ में आज सोमवार सुबह से तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहद परेशान कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना बनी हुई है। वहीं आज वाराणसी, प्रयागराज, बांदा और झांसी जैसे शहरों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
UP के ये जिले हीटवेव की चपेट में
मौसम विभाग के मुताबिक आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, भदोही और आसपास के इलाकों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित है। बांदा में रविवार को देश का सबसे ज्यादा तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं झांसी में 44.6°C, प्रयागराज में 44.5°C और हमीरपुर में 44.2°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।
कई जिलों में वर्षा और तेज आंधी की भी चेतावनी
एक ओर जहां प्रदेश के अधिकतर भागों भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं, वहीं मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में वर्षा और तेज आंधी की चेतावनी भी जारी की है। मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, बांदा, हमीरपुर, झांसी और बिजनौर में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की भी संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है। हालांकि इससे गर्मी में कुछ खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
आगामी 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार 19-23 मई के बीच उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी यूपी में लू का प्रभाव ज्यादा रहेगा, जबकि पूर्वांचल के कुछ भागों में हल्की वर्षा और बादल छाने की संभावना है।
देखें मौसम की पूरी जानकारी संक्षेप में:
- 19 मई: कहीं-कहीं हल्के बादल छाये रहेंगे, लेकिन लू का प्रकोप जारी रहेगा
- 20 मई: पश्चिमी यूपी में भीषण गर्मी, पूर्वी यूपी में हल्की वर्षा की संभावना
- 21 मई: पूर्वांचल के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के आसार
- 22 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ और लू का प्रकोप
- 23 मई: कई जिलों में पारा 47°C तक पहुंचने के संकेत
CM योगी ने दिए अलर्ट मोड में रहने के आदेश
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने के आदेश दे दिए हैं। सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज की व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
लोगों के लिए आवश्यक सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खासतौर से सावधानी बरतने को कहा गया है। डॉक्टरों ने इस मौसम में ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते वक़्त सिर ढकने की विशेष सलाह दी है।
बता दे, प्रदेश में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में आगामी कुछ दिन लोगों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।


