TRENDING TAGS :
Aaj Ka Mausam: यूपी में अगले 24 घंटे बेहद भारी! कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं
Aaj Ka Mausam 30 July 2026: यूपी में आज मौसम का बड़ा अपडेट। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी। जानिए लखनऊ समेत किन जिलों में कैसा रहेगा मौसम और कब फिर एक्टिव होगा मानसून।
Aaj Ka Mausam 30 July 2026 | Image Source- Ai
Aaj Ka Mausam 30 July 2026: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में पिछले कुछ दिनों से झमाझम बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून (Monsoon) पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए भी राज्य के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया गया है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश (West Uttar Pradesh) के लिए भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक गुरुवार को सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, सीतापुर, मेरठ, कानपुर, महोबा, जालौन, बांदा, आगरा, चित्रकूट, अलीगढ़ और संभल में भारी बारिश होने का अनुमान है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं तेज हवाएं भी चलने की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी लखनऊ (Lucknow) में गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शहर में मौसम बदला हुआ रहेगा और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
30 जुलाई के बाद कमजोर पड़ सकता है मानसून
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मानसून ट्रफ (Monsoon Trough) अपनी सामान्य स्थिति में बनी हुई है। यही वजह है कि प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। हालांकि 30 जुलाई के बाद अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन शुक्रवार के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
2 अगस्त से फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून
मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि गुरुवार के बाद बारिश की गतिविधियां कुछ दिनों के लिए कमजोर पड़ सकती हैं। इसके बाद 2 अगस्त से प्रदेश में मानसून (Monsoon) एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। विभाग ने 2 अगस्त के बाद उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इन इलाकों में हुई झमाझम बारिश
प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बुधवार को भी झमाझम बारिश देखने को मिली। इनमें बागपत, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अमरोहा और मुरादाबाद समेत आसपास के कई इलाके शामिल रहे। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है, हालांकि 30 जुलाई के बाद कुछ दिनों के लिए बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने की संभावना है, जबकि 2 अगस्त से मानसून फिर से सक्रिय हो जाएगा।


