UP Weather Today: यूपी के 27 जिलों में वर्षा और तेज आंधी का 'अलर्ट' जारी, आज के बाद बदलने जा रहा मौसम

UP Weather Today: मौसम विभाग ने आज 9 मई के लिए प्रदेश में अलर्ट जारी किया है।

Priya Singh Bisen
Published on: 9 May 2026 6:00 AM IST
UP Weather Today
X

UP Weather Today

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मई महीने की भीषण गर्मी के बीच मौसम आय दिन बदल रहा है। सुबह वर्षा तो दोपहर में तेज धूप, और शाम होते होते फिर ठंडी हवा का दौर जारी है। बीते कई दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हो रही वर्षा, ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है। हालांकि बदले मौसम के साथ कई परेशानियां भी सामने आई हैं। कहीं आकाशीय बिजली गिरने से जानमाल का नुकसान हुआ है तो कहीं तेज हवाओं और वर्षा ने किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज 9 मई के लिए प्रदेश में अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग का अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार, आज शनिवार 9 मई को भी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब बना रह सकता है। पूर्वांचल, मध्य यूपी और पश्चिमी यूपी के कुछ भागों में तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है।

इन जिलों वर्षा की संभावना

जिन जिलों में वर्षा और आंधी का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है उनमें आगरा, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या, देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संत कबीरनगर और लखीमपुर खीरी समेत करीब 27 जिले शामिल बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा मौसम में बदलाव

विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। जालौन में सबसे ज्यादा 27 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं राजधानी लखनऊ में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों को हल्की ठंडक महसूस हुई। कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है।

आज के बाद कमज़ोर पड़ेगा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव

मौसम विभाग का कहना है कि 9 मई के बाद धीरे-धीरे पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ सकता है, जिसके चलते तापमान में फिर बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। हालांकि हवा में नमी अधिक रहने के कारण आगामी दिनों में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। वहीं 11 मई के आसपास एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिर मौसम बदल सकता है।

प्रशासन की चेतावनी

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही तेज हवाओं के दौरान कमजोर मकानों और टीन शेड वाले घरों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं। किसानों को भी अपनी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है।

ऐसे ही मौसम से संबंधित लगातार लेटेस्ट अपडेट के लिए Newstrack.com की वेबसाइट विजिट करें।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Content Writer

Next Story