TRENDING TAGS :
UP Weather Today: पश्चिमी विक्षोभ का डबल अटैक! UP के 18 जिलों में आंधी-वर्षा और ओलावृष्टि की 'महा चेतावनी'
UP Weather Today: मौसम विभाग ने आज राज्य के 18 जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
UP Weather Today (PHOTO: SOCIAL MEDIA)
UP Weather Today: उत्तर प्रदेश के मौसम में हर दिन बदलाव देखा जा रहा है। बीते शुक्रवार को राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए थे और तेज हवाओं का दौर रहा। इसी के साथ बीच-बीच में हल्की धूप भी निकली रही, लेकिन आज 4 अप्रैल यानी शनिवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 18 जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम वैज्ञानिकों की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मौसम इस परिवर्तन का सबसे बड़ा कारण सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ है। अरब सागर से नमी लेकर आ रही पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश में बेमौसम वर्षा का नया दौर शुरू हो गया है। आगामी दिनों में इसका प्रभाव और भी तेज होने की संभावना जताई गई है।
बीते कुछ दिनों में मौसम ने ली करवट
बीते गुरुवार देर रात कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। अयोध्या में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि ललितपुर में तेज आंधी के साथ भारी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक 13 साल के बच्चे की मौत हो गई, जो बेहद दुखद घटना है। तेज हवाओं के कारण कुछ इलाकों में कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा है और कई लोग हल्के रूप से घायल हुए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ वर्षा की भी संभावना है। यह मौसम परिवर्तन पूरे सप्ताह जारी रहने का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
यूपी के ये जिले सबसे ज्यादा प्रभावित
यदि प्रभावित जिलों की बात करें तो सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, महोबा, झांसी और ललितपुर में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
आगामी पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 4 और 5 अप्रैल को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में तेज आंधी के साथ वर्षा और ओलावृष्टि हो सकती है। 6 अप्रैल को पूर्वी यूपी में हल्की वर्षा और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं 7 और 8 अप्रैल को एक बार फिर पूरे प्रदेश में मौसम बिगड़ सकता है और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
बेमौसम बारिश होने की पूरी संभावना
इस बेमौसम वर्षा का सबसे अधिक प्रभाव किसाओं की फसलों पर पड़ा है। कई जिलों में गेहूं की खड़ी और कटी फसलें खराब हो गई हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 15 दिनों में लगभग 15,000 किसानों की 43,000 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। हालांकि अब तक 1 लाख से ज्यादा किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है।
बता दे, प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालात का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और फसल नुकसान का जल्द आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए।
फिलहाल, मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
ऐसे ही मैसम से संबंधित लगातार लेटेस्ट अपडेट के लिए Newstrack.com की वेबसाइट विजिट करें।


