TRENDING TAGS :
AE/AG Result में देरी पर छात्रों का प्रदर्शन, UPPSC को ज्ञापन; 10 दिन में कार्रवाई नहीं तो धरना
UPPSC AE/AG Main Result 2026 में देरी को लेकर संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच ने आयोग को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने 10 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी।
UPPSC AE AG Result 2026 Protest: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से आयोजित AE/AG मुख्य परीक्षा के परिणाम में देरी को लेकर प्रतियोगी छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच ने आयोग के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर परिणाम जल्द जारी करने समेत अभ्यर्थियों की विभिन्न समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
मंच का कहना है कि AE/AG मुख्य परीक्षा में शामिल हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। रिजल्ट में लगातार हो रही देरी के कारण अभ्यर्थियों के भविष्य, आगामी भर्ती अवसरों और वर्षों की मेहनत पर असर पड़ रहा है।
न्यायालयीन मामलों में प्रभावी पैरवी की मांग
ज्ञापन में छात्रों ने संबंधित न्यायालयीन प्रकरणों में आयोग की ओर से मजबूत, प्रभावी और समयबद्ध कानूनी पैरवी सुनिश्चित करने की मांग की है। मंच ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए आयोग को न्यायालय के समक्ष सभी जरूरी तथ्यों और दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष मजबूती से रखना चाहिए।
छात्र संगठन के मुताबिक, किसी तकनीकी या प्रक्रियात्मक कमी के कारण भर्ती प्रक्रिया और परिणाम अनावश्यक रूप से लंबित नहीं होने चाहिए। मंच ने यह भी मांग की कि यदि मौजूदा पैरवी में किसी तरह की कमी या लापरवाही सामने आती है तो उसकी तत्काल समीक्षा कर जरूरत के मुताबिक सक्षम एवं अनुभवी अधिवक्ता की नियुक्ति की जाए।
छात्रों ने रखीं ये प्रमुख मांगें
संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच ने आयोग के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें प्रमुख रूप से:
AE/AG मुख्य परीक्षा के परिणाम में देरी के वास्तविक कारण अभ्यर्थियों के सामने स्पष्ट किए जाएं।
संबंधित न्यायालयीन मामले में वरिष्ठ और अनुभवी अधिवक्ता के माध्यम से प्रभावी पैरवी कराई जाए।
पैरवी में कमी या लापरवाही मिलने पर तत्काल समीक्षा की जाए।
प्रत्येक सुनवाई से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज और तथ्यात्मक जवाब तैयार रखे जाएं।
अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
AE/AG भर्ती के परिणाम और आगे की प्रक्रिया की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट की जाए।
अभ्यर्थियों को परिणाम जारी होने और भर्ती की आगामी प्रक्रिया की स्पष्ट समयसीमा बताई जाए।
'आश्वासन नहीं, समयबद्ध परिणाम चाहिए'
मंच ने कहा कि प्रतियोगी छात्रों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध परिणाम और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया चाहिए। वर्षों की मेहनत के बाद अभ्यर्थियों को अनिश्चितता में रखना उनके हित में नहीं है।
संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच ने आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर ठोस और संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है तो AE/AG अभ्यर्थियों के समर्थन में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
मंच ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल उठाना नहीं है। संगठन की मांग है कि आयोग अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कदम पूरी गंभीरता के साथ उठाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ सके।


