TRENDING TAGS :
UPTET 2026 Result: प्राथमिक में 5.71 लाख और उच्च प्राथमिक में 7.59 लाख अभ्यर्थी सफल, ऐसे चेक करें
UPTET Result 2026 जारी हो गया है। प्राथमिक स्तर पर 5,71,435 और उच्च प्राथमिक में 7,59,513 अभ्यर्थी सफल हुए। यहां जानें रिजल्ट चेक करने का तरीका और पूरी जानकारी।
UPTET 2026 Result: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने परीक्षा परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक, UPTET 2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को कुल पांच पालियों में किया गया था। परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों में बनाए गए 955 केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।
प्राथमिक स्तर में 5.71 लाख अभ्यर्थी सफल
कक्षा 1 से 5 यानी प्राथमिक स्तर की UPTET परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। प्राथमिक स्तर का पास प्रतिशत 80.07 फीसदी रहा।
उच्च प्राथमिक में 7.59 लाख ने हासिल की सफलता
कक्षा 6 से 8 यानी उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी सफल रहे। इस स्तर पर सफलता का प्रतिशत 71.85 फीसदी रहा।
आयोग ने विज्ञापन में निर्धारित नियमों के अनुसार तुलनात्मक मूल्यांकन यानी नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया के आधार पर परिणाम तैयार किया है।
कार्यरत शिक्षकों का भी शानदार प्रदर्शन
UPTET 2026 में कार्यरत शिक्षकों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 यानी 76.29 फीसदी सफल रहे।
वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर पर परीक्षा देने वाले 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 यानी 77.45 फीसदी शिक्षक सफल घोषित किए गए हैं।
पारदर्शिता और कड़ी सुरक्षा के बीच हुई परीक्षा
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि करीब 20 लाख पंजीकृत अभ्यर्थियों वाली इस बड़ी परीक्षा को निष्पक्षता, पारदर्शिता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के विज्ञापन में निर्धारित सभी मानकों और प्रक्रियाओं का पालन किया गया है।
आयोग ने सफल अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
UPTET 2026 Result ऐसे करें चेक
सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाएं।
वेबसाइट पर UPTET 2026 Result लिंक पर क्लिक करें।
मांगी गई लॉगिन डिटेल दर्ज करें।
सबमिट करने के बाद आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
रिजल्ट डाउनलोड करें और भविष्य के लिए इसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।


