UP News: योगी ने दीपावली पर प्रदेशवासियों को दी बधाई, जरूरतमंदों के लिए कही बड़ी बात

Yogi Adityanath Diwali Wishes: दीपावली पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी और जरूरतमंदों के लिए खास अपील की। उन्होंने पर्व की खुशियां हर वर्ग तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Newstrack Network
Published on: 7 Nov 2026 10:58 PM IST
UP News: योगी ने दीपावली पर प्रदेशवासियों को दी बधाई, जरूरतमंदों के लिए कही बड़ी बात
X

Yogi Adityanath Diwali Wishes: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी के सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। साथ ही लोगों से अपील की कि वे दीपावली की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं और जरूरतमंद परिवारों की मदद करें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली सनातन संस्कृति की आस्था, आध्यात्मिक चेतना और लोकमंगल की भावना से जुड़ा महापर्व है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का संदेश देता है। भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या आगमन और उनके राज्याभिषेक की स्मृति में मनाया जाने वाला यह पर्व सदियों से भारतीय जनमानस की आस्था, उल्लास और आत्मीयता का प्रतीक रहा है।

उन्होंने कहा कि यह प्रदेशवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है कि भगवान श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या उत्तर प्रदेश में स्थित है। अयोध्या की प्राचीन दीपावली परंपरा को दीपोत्सव के माध्यम से नई भव्यता और वैश्विक पहचान मिली है। आज दीपोत्सव सनातन संस्कृति की गौरवशाली विरासत, जनआस्था और सांस्कृतिक चेतना का भव्य उत्सव बन चुका है। इसके माध्यम से अयोध्या की आध्यात्मिक महिमा और भगवान श्रीराम के आदर्शों को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा रहा है।

जरूरतमंद परिवारों के साथ बांटें दीपावली की खुशियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी पूरा होता है, जब इसकी खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचें। लोगों को अपने आसपास ऐसे परिवारों और जरूरतमंदों का ध्यान रखना चाहिए, जिनके घरों में आर्थिक अभाव के कारण त्योहार का उल्लास फीका रह जाता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार स्थानीय स्तर पर खरीदारी करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्थानीय खरीदारी से दीये, बाती और माटी कला से जुड़े हस्तशिल्पियों के साथ स्थानीय कारीगरों और व्यवसायियों को भी मदद मिलेगी। हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी घर दीपावली की रोशनी से वंचित न रहे। त्योहार की खुशियां बांटने से समाज में आत्मीयता, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत होती है।

स्वच्छता और पर्यावरण का भी रखें ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली हमें अपने घर, गली, मोहल्ले और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने की प्रेरणा देती है। सभी को स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए। उन्होंने पारंपरिक दीपों के प्रकाश, उल्लास और सद्भाव के साथ दीपावली मनाने का संदेश दिया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरित होकर प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कामना की कि दीपावली का पावन पर्व हर परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि और नई आशा का संचार करे तथा उत्तर प्रदेश शांति, सद्भाव और विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story