देव दीपावली पर काशी में जलेंगे 11 लाख दीप, ड्रोन शो से ग्रीन आतिशबाजी तक होंगे ये खास इंतजाम

Kashi Dev Deepawali: वाराणसी में 24 नवंबर को देव दीपावली पर 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर महाआरती, ड्रोन शो, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी होगी। जानिए सुरक्षा और यातायात के खास इंतजाम।

Newstrack Network
Published on: 12 Nov 2026 11:27 AM IST
Yogi Adityanath
X

Yogi Adityanath

Kashi Dev Deepawali: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। पिछले वर्षों के अनुभवों और सामने आई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस बार बेहतर इंतजाम किए जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करें।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष गंगा महोत्सव का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा। चारों दिन सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। वहीं, देव दीपावली पर सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने वाले रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इनमें महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार दीपक भी शामिल होंगे। दीप प्रज्वलन की व्यवस्था के लिए घाटों और रेतीले तट को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

घाटों के साथ पूरे शहर में दिखेगा देव दीपावली का उल्लास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देव दीपावली का उत्सव केवल घाटों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरी काशी में इसका प्रभाव दिखाई देना चाहिए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों के साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती भी है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत से जुड़ी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने नाविकों से संवाद करने और सुरक्षा एवं सुव्यवस्था के लिहाज से उन्हें प्रशिक्षित करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि 24 नवंबर की शाम सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध महाआरती होगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया जाएगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा, जबकि काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इन कार्यक्रमों को अंतिम रूप देते समय आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

सुरक्षा के लिए 10 जोन और 21 सेक्टर में बंटेगा घाट क्षेत्र

कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। यहां जोनल और सेक्टर प्रभारियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा के लिए घाटों पर 27 वॉच टावर, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT), निजी गोताखोर और ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड भी तैनात रहेगा।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की मदद के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा ई-स्कूटर पर पर्यटक पुलिस लगातार गश्त करेगी। नदी में सुरक्षा और नावों के संचालन को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। पिछले वर्ष की भीड़भाड़ से सबक लेते हुए नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन बनाई गई है। इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और सामने रेतीले क्षेत्र से अस्सी घाट से नमो घाट की ओर लौटेंगी।

नदी में डीजल से चलने वाली और दूसरे जिलों से आने वाली बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस लगातार गश्त करेंगी। वहीं, चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन सक्रिय रहेगा। घाटों पर चेंजिंग रूम, मोबाइल शौचालय, पेयजल टैंकर और पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की व्यवस्था भी की जाएगी।

जाम से निपटने के लिए 7 डायवर्जन प्वाइंट, 31 जगह पार्किंग

देव दीपावली के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती जिलों से आने वाले भारी वाहनों के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। शहर के भीतर 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा।

आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल अस्पताल सहित प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। इससे जरूरत पड़ने पर मरीजों को जल्द अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।

20 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे शहर में 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देव दीपावली की रात दीपदान संपन्न होते ही घाटों की सफाई शुरू करा दी जाए, ताकि अगले दिन सुबह स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने टैक्सी, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से संवाद कर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को उचित मूल्य पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देव दीपावली केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि काशी के आतिथ्य और प्रशासन की कार्यकुशलता का भी प्रतीक है। आयोजन में अधिक से अधिक स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक काशी से सुखद और यादगार अनुभव लेकर लौटें।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story