Varanasi News: वाराणसी में उद्योग और रोजगार को मिलेगी नई गति, अरविंद लिमिटेड की इकाई का सीएम योगी ने किया निरीक्षण

Varanasi News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का निरीक्षण किया। 150 करोड़ रुपये की परियोजना में एक हजार से अधिक रोजगार के अवसर प्रस्तावित हैं। 25 अक्टूबर को पीएम मोदी के हाथों लोकार्पण प्रस्तावित है।

Newstrack Network
Published on: 14 Oct 2026 10:39 PM IST (Updated on: 14 Oct 2026 10:40 PM IST)
Varanasi News
X

Varanasi News (Image Credit-Social Media)

वाराणसी, 14 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने वाराणसी दौरे के दौरान मिर्जामुराद स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 25 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने फैक्ट्री परिसर में उत्पादन से जुड़ी व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों का अवलोकन किया। साथ ही इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव, प्रशिक्षण और कामकाज से जुड़ी जानकारी भी हासिल की।

लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में उतरा। यहां से वह अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें परियोजना की प्रगति तथा लोकार्पण कार्यक्रम से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए इकाई में व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

150 करोड़ रुपये का निवेश, एक हजार से अधिक रोजगार के अवसर

मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहे के पास खोचवां (भड़ेहरा) गांव में हाईवे किनारे सात एकड़ से अधिक भूमि पर इस औद्योगिक इकाई की स्थापना की गई है। परियोजना में करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। इकाई के संचालन से एक हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को रोजगार मिलने के साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।

फिलहाल कंपनी में काम करने वाली करीब 300 महिलाओं को इकाई में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इन महिलाओं से बातचीत कर प्रशिक्षण की प्रक्रिया और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली। महिलाओं को उद्योग से जोड़ने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिहाज से इस इकाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का होगा उत्पादन

अरविंद लिमिटेड की इस नई इकाई में स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी भविष्य में निवेश के दूसरे चरण की भी योजना बना रही है। अरविंद लिमिटेड देश में कई लोकप्रिय ब्रांडों के लिए परिधान तैयार करती है। इनमें जॉकी, यूएस पोलो और एरो सहित अन्य ब्रांडों के पैंट, शर्ट, टी-शर्ट और जींस जैसे कपड़े शामिल हैं।

इस परियोजना का भूमिपूजन 25 अप्रैल 2024 को हुआ था। अब 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसका लोकार्पण प्रस्तावित है। इकाई शुरू होने से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अरविंद लिमिटेड के पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story