BHU हॉस्टल में बड़ा बवाल! सब्जी में निकली मरी हुई छिपकली, गुस्साए छात्रों ने बंद कराया मेस

BHU News: काशी हिंदू विश्वविद्यालय के डालमिया हॉस्टल से छात्रों की सेहत से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 28 May 2026 11:36 AM IST
BHU News
X

BHU News

BHU News: यूपीः काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के डालमिया हॉस्टल से बेहद गंभीर मामला सामने आया है। बीएचयू के डालमिया हॉस्टल के मेस में परोसी गई सब्जी में मरी हुई छिपकली मिलने के बाद छात्रों के बीच हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होते ही जिन छात्रों ने मेस में खाना खा लिया था, वे घबरा गये और तुरंत अस्पताल की ओर भागे। वहीं अन्य छात्र भी भोजन में मिली मरी हुई छिपकली देख भड़क गये। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र मेस के बाहर जमा हो गये और फिर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

छात्रों की स्थिति सामान्य

छात्रों के हंगामे की सूचना मिलते ही बीएचयू का प्राक्टोरियल बोर्ड तत्काल सक्रिय हो गया। हॉस्टल के प्रशासनिक वार्डन प्रो. राजीव बाटला, प्रो. राघव मिश्र और डॉ. महावीर पनवर सुरक्षा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया और मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। जिन छात्रों ने वह सब्जी खाई थी, उनकी डॉक्टरों द्वारा तुरंत स्वास्थ्य जांच की गई। राहत की बात यह रही कि सभी छात्रों की स्थिति सामान्य पाई गई और किसी में फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्या नहीं मिली। हालांकि घटना ने हॉस्टल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मेस प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

छात्रों ने प्रशासनिक वार्डन को लिखित शिकायत देकर मेस प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि मेस में साफ-सफाई का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जाता। शाकाहारी और मांसाहारी भोजन एक साथ तैयार किया जाता है और बर्तनों की सफाई भी ठीक से नहीं होती। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि हॉस्टल में लंबे समय से पीने के साफ पानी की समस्या बनी हुई है और शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होती। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हॉस्टल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है। वार्डन प्रो. राघव मिश्र ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि भोजन पकाने के बाद परोसते समय सब्जी में छिपकली गिर गई होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल मेस संख्या चार को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है और मेस संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Content Writer Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story