Varanasi News: काशी तमिल संगमम् 4.0 में आए तमिल दल ने यूपी की गुड गवर्नेंस को सराहा

वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के भ्रमण के बाद प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यो को लेकर अपनी राय रखी

Newstrack Network
Published on: 8 Dec 2025 4:01 PM IST (Updated on: 8 Dec 2025 8:45 PM IST)
Varanasi Tamil Sangamam
X

Varanasi Tamil Sangamam (Image Social Media).

वाराणसी में आयोजित काशी तमिल संगमम-4.0 में दक्षिण भारत से आए प्रतिनिधियों के समूह ने उत्तर प्रदेश के विकास समेत अन्य कामों को देखा, सराहा और गुड गवर्नेंस के लिए खुल कर सराहना की। दक्षिण भारत के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों, प्रशासनिक प्रबंधन और कानून व्यवस्था की प्रशंसा की। वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के भ्रमण के बाद प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यो को लेकर अपनी राय रखी। प्रतिनिधियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले वर्षों में बड़े पैमाने पर सकारात्मक बदलाव हुए हैं, जो जमीन पर स्पष्ट दिखाई देते हैं। प्रतिनिधियों ने योगी सरकार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए 10 में 10 नंबर दिए।

चेन्नई से पहली बार वाराणसी आई मोनालीसा ने कहा की उत्तर प्रदेश में गुड गवर्नेंस है। योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए बहुत कार्य किया है, “योगी जैसा मुख्यमंत्री हमारे राज्य में होता, तो हमारा शहर भी और अधिक विकसित हो सकता था। उन्होंने यात्रा के दौरान महिला सुरक्षा के इंतज़ाम को देखकर उत्तर प्रदेश के कानून व्यवस्था की तारीफ़ की। संतोष कुमार ने योगी सरकार के कार्यो को देखते हुए कहा कि उन्हें 10 में से 10 नंबर दिया जा सकता है। पुडुचेरी से आए आर्किटेक्ट पृथ्वीराज ने कहा कि सरकार ने काशी के हेरिटेज को रिवाइव करके बहुत अच्छे से संजो के रखा है। शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर और सौंदर्यीकरण काफी बेहतरीन है। तिलकवदी ने कहा कि काशी की सड़के पहले सकरी थी, यातायात बहुत ख़राब था,गंदगी थी अब सभी कार्यो में काफी सुधार आया है।

तमिलनाडु के विरुधुनगर के दीपक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा, परिवहन, आवास और आयोजन स्थल पर किए गए इंतजाम अत्यंत प्रभावी और व्यवस्थित थे। उनका कहना था कि पूरे आयोजन में अनुशासन और सौहार्द का जो वातावरण देखने को मिला, वह उत्तर प्रदेश प्रशासन की गुड गवर्नेंस को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर आयोजित यह संगम उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक विरासत के संगम का श्रेष्ठ उदाहरण बन चुका है। प्रतिभागियों का कहना था कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना इस आयोजन में जीवंत होती दिख रही है। 2 दिसंबर से शुरू हुआ दो-सप्ताह का ये कार्यक्रम तमिलनाडु और काशी के बीच सेतू बनकर सांस्कृतिक और बौद्धिक संबंधों को मजबूत कर रहा है । इस आयोजन में तमिलनाडु से 1,400 से अधिक प्रतिनिधि,सात विभिन्न श्रेणियों में जिसमे छात्र, शिक्षक, लेखक , मीडिया प्रतिनिधि, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, पेशेवर एवं शिल्पकार, महिलाएँ तथा आध्यात्मिक विद्वान शामिल हो रहे है।

इससे पूर्व ताज़ा जानकारी के अनुसार, चौथा दल विशेष ट्रेन से बनारस रेलवे स्टेशन पहुँचा, जिसमें बड़ी संख्या में कृषि विशेषज्ञ और अन्य प्रतिनिधि शामिल थे। प्लेटफॉर्म पर उतरते ही मेहमानों का भव्य और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। डमरू वादन, पुष्पवर्षा और गूंजते उद्घोष – "हर-हर महादेव" और "वणक्कम काशी" – ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक और उत्सवमय बना दिया।

तमिलनाडु से आए कई सदस्यों ने बताया कि काशी की इस गर्मजोशी ने उन्हें भावुक कर दिया है। किसी ने इसे "अविस्मरणीय अनुभव" कहा तो किसी ने "दो सभ्यताओं का मिलन"। डमरू की गूंज और शंखनाद के बीच स्टेशन परिसर मानो शिवमय हो उठा, जहाँ काशी और तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक धारा साफ़ दिखाई दी। कुछ प्रतिनिधि तो काशी की धरती पर उतरते ही दंडवत लेट गए और इसे "पवित्र भूमि" बताते हुए कहा कि यहाँ आकर वे स्वयं को अत्यंत धन्य महसूस कर रहे हैं।

दल के सदस्यों ने बताया कि वे सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे, इसके बाद संगमम् के तहत आयोजित विभिन्न अकादमिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनका कहना है कि काशी जैसे प्राचीन आध्यात्मिक और ज्ञान-केंद्र में आकर उन्हें उत्तर भारत की परंपराओं, कृषि-प्रथाओं और सामाजिक जीवन को नज़दीक से समझने का मौका मिलेगा, जबकि वे स्वयं तमिलनाडु की समृद्ध सांस्कृतिक और बौद्धिक परंपरा को यहाँ साझा करेंगे।


प्रतिनिधियों ने माना कि उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के बीच हो रहा यह सांस्कृतिक संगम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" को मजबूत आधार देता है। काशी तमिल संगमम् 4.0 न सिर्फ दो भाषाओं और दो क्षेत्रों को जोड़ रहा है, बल्कि यह संदेश भी दे रहा है कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story