TRENDING TAGS :
चितईपुर रोड की बदहाली पर बरसे मेयर, बीच सड़क PWD अफसरों की लगाई क्लास, वायरल वीडियो के बाद एक्शन
Varanasi Mayor Chitaipur Road Inspection: वाराणसी के चितईपुर मार्ग की बदहाल सड़क और गहरे गड्ढों को लेकर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को मौके पर फटकार लगाई।
Varanasi Mayor Chitaipur Road Inspection: वाराणसी के चितईपुर मार्ग की जर्जर हालत, जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढों और जलभराव को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो वायरल हो रहे थे। जनता की बढ़ती शिकायतों और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कड़ा रुख अपनाया। वे नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और प्रशासनिक अधिकारियों के बड़े अमले के साथ अचानक चितईपुर मार्ग पर औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। सड़क की दयनीय हालत देखते ही मेयर का पारा चढ़ गया और उन्होंने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियरों को आड़े हाथों लिया।
PWD की लापरवाही का खामियाजा भुगत रही जनता
निरीक्षण के दौरान सड़क पर बने गहरे गड्ढों को देखकर महापौर ने भारी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क की देखरेख और रखरखाव की जिम्मेदारी PWD विभाग की है, लेकिन उनकी घोर अनदेखी की वजह से आम नागरिकों के साथ-साथ नगर निगम की छवि भी खराब हो रही है। बारिश के मौसम में गड्ढों में जलभराव होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मेयर ने सख्त लहजे में कहा कि जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ करने वाली ऐसी लापरवाही किसी भी कीमत पर सहन नहीं की जाएगी।
गड्ढे भरने का मिला अल्टीमेटम
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने मौके पर मौजूद PWD के अधिशासी अभियंता को कड़े निर्देश दिए कि सड़क के सभी छोटे-बड़े गड्ढों को तुरंत भरकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तय समयसीमा के भीतर मरम्मत का काम पूरा नहीं हुआ, तो जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ सीधे शासन स्तर पर लिखित शिकायत भेजी जाएगी और सख्त विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।
नगर आयुक्त ने प्राथमिकता पर काम निपटाने के दिए निर्देश
निरीक्षण में मौजूद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी मातहत अधिकारियों को आदेश जारी किए। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में नागरिकों को जलभराव और टूटी सड़कों से होने वाली परेशानी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। इसलिए पीडब्ल्यूडी और संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय बनाकर सड़क मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर पूरा करें, ताकि जनता को अविलंब राहत मिल सके।
मौके पर मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अफसर
इस औचक निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों में क्षेत्रीय पार्षद मदन मोहन तिवारी, गोपाल जी, सुरेश पटेल, नामित पार्षद कमलेश पाल, पार्षद प्रतिनिधि अतुल पांडेय, विनीत सिंह और अजय बिंद शामिल रहे। वहीं प्रशासनिक पक्ष से PWD के अधिशासी अभियंता आशुतोष सिंह, नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद्र तथा जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित थे। मेयर ने अंत में दोहराया कि आम नागरिकों को सुविधा देना ही प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।


