TRENDING TAGS :
Varanasi News: प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस पर वाराणसी के आईआईवीआर में भव्य कार्यक्रम, 20वीं किस्त का हुआ प्रसारण
Varanasi News: वाराणसी में प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया।
Varanasi News: भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (IIVR) वाराणसी में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। यह आयोजन अनुसूचित जाति उप-योजना के अंतर्गत हुआ, जिसमें किसानों के सम्मान और कृषि तकनीकी जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला।
पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त का लाइव प्रसारण
कार्यक्रम की सबसे खास बात रही कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 20वीं किस्त के लाभ अंतरण का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे विशाल स्क्रीन पर 400 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने देखा। इनमें वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर और मिर्जापुर जिलों के किसान शामिल थे। विशेष रूप से 200 से अधिक लाभार्थी किसान इस योजना से सीधे लाभान्वित हो रहे हैं।
संस्थान निदेशक ने किया किसानों को संबोधित
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा: “यह योजना केवल वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि किसानों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उठाया गया सशक्त कदम है।” उन्होंने किसानों से ‘काशी’ ब्रांड की उच्च गुणवत्ता वाली सब्जी किस्मों को अपनाने और रासायनिक कीटनाशकों के सीमित उपयोग की अपील की।
तकनीक और पौध सामग्री का वितरण
डॉ. जगेश कुमार तिवारी, डॉ. शैलेश कुमार तिवारी और डॉ. प्रदीप कर्मकार ने अनुसूचित जाति उपयोजना की प्रगति पर विस्तृत जानकारी दी। किसानों को सहजन (मोरिंगा) और बैंगन की उन्नत किस्मों की पौध सामग्री निःशुल्क वितरित की गई। इसके साथ ही सब्जी उत्पादन की नवीनतम तकनीकों पर प्रशिक्षण भी दिया गया।
प्रधान सचिव कृषि ने की सराहना
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रधान सचिव (कृषि) श्री रवींद्र भी उपस्थित रहे। उन्होंने IIVR संस्थान का भ्रमण किया और वैज्ञानिकों से कृषि नवाचारों पर चर्चा की। उन्होंने संस्थान द्वारा अनुसंधान और किसानों को दी जा रही तकनीकी सेवाओं की प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. डी.आर. भारद्वाज और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नीरज सिंह ने किया।


