Varanasi Court में हाई वोल्टेज ड्रामा, जज की कुर्सी पर बैठी महिला, बोली- आज मैं करूंगी सुनवाई- Video

Varanasi Court News: वाराणसी जिला जज कोर्ट में उस समय हंगामा मच गया जब एक महिला जज की कुर्सी पर बैठ गई और खुद को जज बताकर सुनवाई शुरू करने लगी। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला को हिरासत में लिया।

Aditya Kumar Verma
Published on: 13 Jun 2026 2:28 PM IST
Varanasi Court News
X

Varanasi Court News

Varanasi Court News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी के जिला कोर्ट में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला अचानक जिला जज की कुर्सी पर जाकर बैठ गई और खुद को उस दिन की जज घोषित कर दिया। इस दौरान महिला ने न केवल जज की कुर्सी संभाल ली, बल्कि अदालत की कार्यवाही शुरू करने की भी कोशिश की। जिसे देखकर कोर्ट कक्ष में मौजूद लोग हैरान रह गए और काफी देर तक वहां हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

बिना अनुमति सीधे कोर्ट रूम में पहुंची महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह एक अधेड़ उम्र की महिला न्यायालय परिसर पहुंची और बिना किसी अनुमति के सीधे जिला जज के कोर्ट रूम में दाखिल हो गई। उस समय जिला जज अवकाश पर थे। इसका फायदा उठाते हुए महिला जज की कुर्सी पर जाकर बैठ गई और घोषणा कर दी कि आज वह सभी मामलों की सुनवाई करेंगी।

महिला ने अदालत जैसा माहौल बनाने की कोशिश की और हैमर की आवाज की नकल करते हुए बार-बार "ऑर्डर-ऑर्डर" कहना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उसने कोर्ट में मौजूद वकीलों से गवाह और सबूत पेश करने के लिए भी कहा। महिला की इस हरकत को देखकर कोर्ट कक्ष में मौजूद लोग हैरानी में पड़ गए।

करती रही सुनवाई करने की कोशिश

महिला की पहचान वाराणसी के शिवपुर निवासी 50 वर्षीय वंदना गुप्ता के रूप में हुई। जब कोर्ट के कर्मचारियों और वकीलों ने उन्हें समझाने की कोशिश की और जज की कुर्सी छोड़ने को कहा, तब भी उन्होंने किसी की बात नहीं मानी।

बताया गया कि महिला ने कोर्ट कक्ष में रखी कुछ फाइलें भी उठा लीं और मामलों की सुनवाई शुरू करने जैसी गतिविधियां करती रही। इस दौरान कुछ वकीलों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिससे महिला और ज्यादा नाराज हो गई।

एक घंटे तक चलता रहा हाई वोल्टेज ड्रामा

जानकारी के मुताबिक, कोर्ट परिसर में यह पूरा घटनाक्रम करीब एक घंटे तक चलता रहा। जब महिला किसी भी तरह समझाने पर नहीं मानी, तब पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को जज की कुर्सी से हटाया गया।

इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ कैंट थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। इस घटना ने कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों को हैरान कर दिया और अदालत की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वहीं इस घटना की जानकारी मिलने पर अपर जिला जज युजवेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कोर्ट परिसर में सुरक्षा कर्मियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण देने के निर्देश जारी किए।

कोर्ट परिसर में जिस तरह एक महिला बिना अनुमति के जिला जज के कोर्ट रूम तक पहुंच गई और जज की कुर्सी पर बैठकर कार्यवाही करने लगी, उसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

फैमिली कोर्ट में चल रहा है मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वंदना गुप्ता वर्ष 2012 में अपने पति से अलग हो चुकी हैं। उनका एक मामला वर्तमान में वाराणसी के फैमिली कोर्ट में चल रहा है। बताया जाता है कि वर्ष 2013 में उन्होंने दूसरी शादी भी की थी, लेकिन वह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चल सका।

परिजनों और स्थानीय जानकारी के मुताबिक वर्ष 2018 में उनकी मां और वर्ष 2021 में उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव की स्थिति में बताई जा रही हैं।

पहले भी कर चुकी हैं ऐसी हरकतें

बताया जा रहा है कि वंदना गुप्ता पहले भी कई बार वाराणसी कोर्ट पहुंचकर इसी तरह की उटपटांग हरकतें कर चुकी हैं। हालांकि इस बार उन्होंने सीधे जिला जज की कुर्सी पर बैठकर सुनवाई शुरू करने की कोशिश की, जिससे मामला चर्चा का विषय बन गया।

फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं इस घटना के बाद अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story