Vinod Sahni Murder: कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठे मंत्री संजय निषाद, शव रखकर सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन

गोंडा में कारोबारी विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर मंत्री संजय निषाद SP पर भड़क गए। भारी फोर्स की तैनाती पर सवाल उठाते हुए वह कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठ गए।

Alakha Singh
Published on: 11 Sept 2026 2:01 PM IST
Vinod Sahni Murder: कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठे मंत्री संजय निषाद, शव रखकर सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन
X

Vinod Sahni Murder: गोंडा में कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या को लेकर मामला गरमा गया है। शुक्रवार को पीड़ित परिवार के समर्थन में पहुंचे निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद पुलिस-प्रशासन पर भड़क गए। भारी पुलिस बल की तैनाती देखकर उन्होंने गोंडा के SP अभिषेक झा को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और सड़क पर धरने पर बैठ गए।

SP अभिषेक झा बुके लेकर मंत्री का स्वागत करने पहुंचे थे, लेकिन संजय निषाद ने पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी फोर्स क्यों लगाई गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस को प्रदर्शनकारियों के बजाय आरोपियों के घरों पर तैनात किया जाना चाहिए, ताकि वहां आगजनी या किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

मंत्री ने पुलिस-प्रशासन को सरकार की छवि खराब न करने की चेतावनी भी दी। इसके बाद वह सर्किट हाउस से करीब एक किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई और बाद में वह धरने पर बैठ गए।

मंत्री के धरने की जानकारी मिलने पर गोंडा की DM प्रियंका निरंजन मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सड़क पर बैठकर संजय निषाद की मांगें सुनीं और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।


शव रखकर प्रदर्शन, करीब 1000 लोगों की भीड़

विनोद साहनी के परिजन शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे से शव रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। भीड़ को देखते हुए पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मृतक कारोबारी के बेटे राजा साहनी से फोन पर बात की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि हिम्मत रखना, हम आपके साथ हैं। बातचीत के दौरान राजा साहनी भावुक होकर रोने लगे।

कैसे हुई विनोद साहनी की हत्या?

विनोद कुमार साहनी परसपुर के रेक्सडिया गांव के रहने वाले थे और बर्तन का कारोबार करते थे। बुधवार रात करीब 8 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में 8 से 10 लोगों ने उन्हें रोक लिया और हमला कर दिया।

हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले परसपुर CHC ले जाया गया, जहां से गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के KGMU भेज दिया।

गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे इलाज के दौरान विनोद साहनी की मौत हो गई। उनकी मौत की सूचना मिलते ही संजय निषाद KGMU पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने हत्यारों की गिरफ्तारी के साथ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

3 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, परिजन और मंत्री सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। प्रदर्शन के चलते इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।

इस मामले में बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी भी संजय निषाद के साथ पीड़ित परिवार के समर्थन में पहुंचे थे।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story