TRENDING TAGS :
मैं ही भगवान, मेरी बात मानो, फिर रात को कमरे में जबरदस्ती... यौन शोषण का आरोप में फंसे वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव महाराज
मैं ही भगवान, मेरी बात मानो, फिर रात को कमरे में जबरदस्ती... यौन शोषण का आरोप में फंसे वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव महाराज, महिला ने सुनाई पूरी आपबीती
Indradev Maharaj: वृंदावन के एक कथावाचक इंद्रदेव महाराज विवादों में घिर गए हैं। महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली एक महिला श्रद्धालु ने उन पर यौन शोषण, धमकी देने और वीडियो कॉल के जरिए अश्लील हरकतें करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि साल 2023 में जब वह वृंदावन स्थित इंद्रदेव महाराज के सेवाधाम आश्रम में रुकी थी, तब कथावाचक ने देर रात उसे अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए उसका शोषण किया गया और विरोध करने पर बदनामी का डर दिखाकर चुप रहने की धमकी दी गई।
इस मामले में महाराष्ट्र के मीरा-भायंदर स्थित काशीमीरा पुलिस स्टेशन में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। चूंकि कथित घटना वृंदावन में हुई थी, इसलिए इस एफआईआर को आगे की जांच के लिए मथुरा ट्रांसफर किया जाना है। फिलहाल इंद्रदेव महाराज की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ध्यान देने वाली बात यह है कि अभी एक ही एफआईआर दर्ज हुई है। हालांकि, पुणे में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुछ अन्य महिलाओं ने भी कथावाचक पर इसी तरह के आरोप लगाए और अपने अनुभव साझा किए।
रात में कमरे में बुलाया, फिर जबरदस्ती करने का आरोप
महिला की शिकायत के मुताबिक, वह साल 2023 में इंद्रदेव महाराज के वृंदावन स्थित सेवाधाम आश्रम में ठहरी हुई थी। आरोप है कि एक रात कथावाचक ने उसे अपने कमरे में बुलाया। महिला का दावा है कि कमरे में पहुंचने के बाद उन्होंने दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ जबरदस्ती की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अगर कोई पूछे तो उसे दवा लेने जाने की बात कहने के लिए कहा गया था।
महिला ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद भी कथित शोषण का सिलसिला नहीं रुका। वीडियो कॉल के दौरान उससे कपड़े उतारने को कहा जाता था और अश्लील हरकतें की जाती थीं। महिला का दावा है कि इन हरकतों को रिकॉर्ड भी किया गया। बाद में कथावाचक ने फोन पर धमकियां दीं और वीडियो सार्वजनिक करने की बात कहकर उसे डराया।
'मैं भगवान हूं, तुम्हें मेरी बात माननी होगी'
महिला की शिकायत में एक कथित बयान का भी जिक्र है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। आरोप है कि इंद्रदेव महाराज ने उससे कहा था, “मैं भगवान हूं और तुम्हें मेरी बात माननी होगी।” महिला का दावा है कि कथावाचक ने उसके भरोसे और धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर उसे अपने प्रभाव में रखा।
सोशल मीडिया पर प्रवचन सुनकर संपर्क में आई थी महिला
शिकायतकर्ता के मुताबिक, साल 2023 में उसने सोशल मीडिया पर इंद्रदेव महाराज के प्रवचन सुने थे। इसके बाद वह मुंबई के सांताक्रूज में आयोजित एक सत्संग में पहुंची, जहां उसने उनसे दीक्षा ली। महिला का कहना है कि इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा।
आरोप है कि महिला ने अपनी निजी परेशानियां कथावाचक को बताई थीं। उन्होंने उसकी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया और इसी भरोसे के चलते वह वृंदावन के आश्रम पहुंची। महिला का दावा है कि इसी दौरान उसके साथ कथित शोषण हुआ।
कई महीनों से न्याय के लिए भटक रही थी महिला
महिला ने आरोप लगाया कि वह कई महीनों से इस मामले में शिकायत दर्ज कराने और न्याय पाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन मथुरा में उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही थी। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता और भूमाता ब्रिगेड की प्रमुख तृप्ति देसाई ने मामले में हस्तक्षेप किया।
तृप्ति देसाई ने पुणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें शिकायतकर्ता के साथ कुछ अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं। इन महिलाओं ने भी कथावाचक पर शोषण के आरोप लगाए और अपने अनुभव बताए। हालांकि, फिलहाल पुलिस ने केवल एक महिला की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज की है।
तृप्ति देसाई ने की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग
तृप्ति देसाई ने इंद्रदेव महाराज की तत्काल गिरफ्तारी और पूरे मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से यह भी कहा है कि सामने आई दूसरी महिलाओं के बयान दर्ज किए जाएं, ताकि अगर किसी और के साथ भी इस तरह की घटना हुई है तो उसका पता लगाया जा सके।
देसाई ने कहा कि महिलाओं की आस्था और भरोसे का फायदा उठाकर उनका शोषण करने वालों को कानून के दायरे में लाना जरूरी है। उन्होंने दूसरी महिलाओं से भी अपील की कि अगर उनके साथ कोई गलत हुआ है तो वे डरें नहीं और सामने आकर शिकायत दर्ज कराएं।
फिलहाल मामला पुलिस जांच के दायरे में है। इंद्रदेव महाराज की प्रतिक्रिया और जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी नजर रहेगी।


