जल निगम कर्मचारियों का वेतन, पेंशन और सुविधाओं की बहाली की मांग को लेकर धरना

Jal Nigam Strike: जल निगम मुख्यालय लखनऊ पर कर्मचारियों ने तीन दिवसीय प्रदर्शन की शुरुआत की है। कर्मचारियों की मांग छह माह से लंबित वेतन और पेंशन भुगतान कराना है।

Prashant Vinay Dixit
Published on: 5 Aug 2025 9:05 PM IST
Jal Nigam Strike
X

Jal Nigam Strike (Photo: Social Media)

Jal Nigam Strike: उत्तर प्रदेश जल निगम एकीकृत संघर्ष मोर्चा ने सोमवार से जल निगम मुख्यालय लखनऊ पर तीन दिवसीय धरना की शुरुआत की है। इसका मुख्य उद्देश्य नगरीय जल निगम के कर्मचारियों को 6 माह से लंबित वेतन और पेंशन भुगतान सहित कई मांगों को पूरा कराना है। इस धरने को संबोधित करते हुए मोर्चा के महासचिव एके सिंह ने कहा कि जल निगम में कार्यरत 4,141 फील्ड कर्मचारियों को उच्च न्यायालय लखनऊ खंडपीठ के आदेश के बावजूद पेंशन और सेवानिवृत्त लाभ नहीं मिल पाए हैं।

सरकार पर असंवेदनशीलता का आरोप

पदाधिकारियों ने सरकार और जल निगम प्रशासन पर निरंकुशता का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2021 से मृतक आश्रितों की अनुकम्पा नियुक्ति स्थगित है। जिससे कर्मचारी वर्ग में आक्रोश है। पूर्व प्रबंध निदेशक एवं मोर्चा के सलाहकार अनूप कुमार सक्सेना ने जल निगम के वर्ष 2021 में हुए विभाजन को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने निगम को दोबारा एकीकृत कर शासकीय विभाग का दर्जा देने की मांग की है। विभाजन से न तो सेवाओं में सुधार हुआ, न ही प्रशासनिक संरचना बेहतर हुई है।

महंगाई भत्ते में भेदभाव का आरोप

मोर्चा के उपाध्यक्ष गिरीश कुमार यादव व शिव बचन सिंह यादव ने बताया कि शासन द्वारा 252 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत किए जाने के बावजूद नगरीय जल निगम में मात्र 212 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र में 240 प्रतिशत ही दिया जा रहा है। वह भी गलत तिथि से दिया जा रहा है। जो नियमों के विपरीत है। मोर्चा के प्रांतीय अध्यक्ष सैयद अतहर कादरी ने कहा 7 अगस्त 2025 तक सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो उस दिन जल निगम मुख्यालय से मुख्यमंत्री कार्यालय तक दण्डवत यात्रा निकाली जाएगी और अंदोलन शुरू किया जाएगा।

1 / 6
Your Score0/ 6
Prashant Vinay Dixit

Prashant Vinay Dixit

Mail ID - prashantdixit916917@gmail.com

Reporter

Next Story