TRENDING TAGS :
अब किस रास्ते जाएंगे आजम खान? सियासी राह को लेकर चर्चाएं तेज
Azam Khan Bail: आजम खान के जेल से बाहर आने को लेकर उनके परिवार ही नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है।
Azam Khan
Azam Khan Bail: 23 माह जेल में बिताने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को मंगलवार को रिहाई मिलने जा रही है। आजम खान के जेल से बाहर आने को लेकर उनके परिवार ही नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है। सीतापुर जेल के बाहर समर्थकों की भीड़ पहुंची। कहा जा रहा है कि जेल से निकलने के बाद आजम खान स्थानीय सपा नेताओं से भेंट करेंगे। इसके बाद वह रामपुर के लिए रवाना हो जायेंगे।
वहीं उनकी रिहाई के बाद अब यह सवाल भी उठने लगा है कि अब आजम खान किस रास्ते जायेंगे? राजनीतिक गलियारों में इसको लेकर तरह-तरह के संशय लगाये जा रहे हैं। आजम खान समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और वह मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी नेता रहे हैं। वह मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की तत्कालीन सरकार में अहम पदों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
ऐसे में सपा के नेताओं का यह पूरा भरोसा है कि आजम खान पार्टी को छोड़ने को फैसला कभी नहीं लेंगे। वहीं कुछ समर्थकों का यह मानना है कि आजम खान सपा से अपेक्षित महत्व न मिलने की वजह से नाराज हैं। ऐसे में वह कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। वह अपना अलग दल भी बना सकते हैं। वहीं सियासी गलियारों में यह भी सुगबुगाहट है कि आजम खान बसपा में जा सकते हैं।
आजम खान की नाराजगी की वजह
सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान यह चाहते थे कि बीते लोकसभा चुनाव के दौरान रामपुर सीट से अखिलेश यादव चुनाव मैदान में उतरें। लेकिन सपा ने मोहिब्बुल्लाह नदवी को रामपुर से उम्मीदवार बनाया। जिसके बाद से यह माना जा रहा है कि आजम खान सपा नेतृत्व से खफा हैं। ऐसे में यह चर्चा चल रही है कि जेल से बाहर आने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान कोई चौंकाने वाला फैसला ले सकते हैं।
हालांकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इस बात से बिल्कुल बेफ्रिक हैं कि आजम खान कहीं जायेंगे। लेकिन राजनीतिक गलियारों में आजम खान की बसपा में जाने की चर्चा जोरों से चल रही है। हालांकि आजम खान के करीबी नेताओं का मानना है कि वह बसपा में तो कभी नहीं जायेंगे। वहीं कुछ समर्थक यह कयास लगा रहे है कि आजम खान सपा नेत्त्व से खफा चल रहे हैं। ऐसे में वह जेल से बाहर आने के बाद अपना अलग दल बनाने का ऐलान कर सकते हैं।


