TRENDING TAGS :
अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे CM योगी! लेकिन रख दी ये शर्त, अखिलेश को ललकारते हुए कर दिया चैलेंज
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने पर खुद भी मैदान में उतरने की चुनौती दी।
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को सीधी चुनौती दी है। योगी ने कहा कि अगर अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल करते हैं तो वह भी उसी सीट से अपना पर्चा भरेंगे। उन्होंने कहा कि फिर दोनों के बीच सीधा मुकाबला होना चाहिए। योगी के इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में अयोध्या सीट को लेकर चर्चा तेज हो सकती है।
'आमने-सामने की लड़ाई होनी चाहिए'
एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर जवाब दिया। उन्होंने कहा, "अगर आप वहां से नामांकन दाखिल करेंगे तो मैं भी अपना नामांकन दाखिल करूंगा। फिर सीधा आमने-सामने का मुकाबला हो जाए।"
योगी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें सीधे मुकाबले का साहस नहीं है। उन्होंने कहा कि कमजोर व्यक्ति हमेशा पीछे से वार करता है। मुख्यमंत्री के इस बयान को अखिलेश यादव की चुनौती का सीधा जवाब माना जा रहा है।
सपा पर माफिया और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर माफिया तत्वों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा के शासन में माफिया के दम पर उत्तर प्रदेश को नुकसान पहुंचाया गया। युवाओं के रोजगार के रास्ते में रुकावटें पैदा की गईं और महिलाओं के साथ-साथ व्यापारियों की सुरक्षा भी खतरे में डाली गई।
योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का पुराना दौर गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों ने हमेशा जनता के साथ धोखा किया है और माफिया तत्वों को अपना साथी बनाया है।
'माफियागिरी करने वालों को कानून की ताकत से सीधा करेंगे'
मुख्यमंत्री ने माफिया और अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई माफियागिरी करने की कोशिश करेगा तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी। उन्होंने कहा कि गुंडों और माफियाओं को कानून की ताकत से ही सुधारा जा सकता है।
योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने प्रदेश में गुंडों और माफियाओं की मनमानी पर लगाम लगाई है। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई तेज की जाएगी।
अयोध्या सीट को लेकर बढ़ सकती है सियासी गर्मी
योगी आदित्यनाथ के इस बयान के बाद अयोध्या सीट को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो सकती है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ने सिर्फ अखिलेश यादव पर निशाना नहीं साधा, बल्कि उन्हें सीधे चुनावी मुकाबले की चुनौती भी दे दी।
हालांकि, अभी अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर कोई फैसला सामने नहीं आया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि अखिलेश यादव योगी की इस चुनौती का क्या जवाब देते हैं और क्या आने वाले समय में अयोध्या की सियासत में कोई बड़ा चुनावी मुकाबला देखने को मिलता है।


