TRENDING TAGS :
योगी की दिवाली, 82 करोड़ की सौगात! आज वनटांगिया गांव में 52 परियोजनाओं का होगा आगाज
वनटांगिया गांव में CM योगी आदित्यनाथ ग्रामीणों के साथ दिवाली मनाएंगे। गोरखपुर को 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। जानिए पूरी डिटेल।
Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (रविवार) वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में ग्रामीणों के साथ दिवाली मनाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री न केवल वनटांगिया समुदाय के लोगों के बीच पहुंचकर खुशियां साझा करेंगे, बल्कि गोरखपुर को 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गांव में साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट का काम पूरा करने में ग्रामीण जुटे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2009 में सांसद रहते हुए वनटांगिया समुदाय के साथ दिवाली मनाने की परंपरा शुरू की थी, जो मुख्यमंत्री बनने के बाद भी जारी है।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11 बजे जंगल तिकोनिया नंबर तीन पहुंचेंगे। यहां वह गांव का भ्रमण कर लोगों से मुलाकात करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान 82 करोड़ 41 लाख 29 हजार रुपये की लागत वाली 52 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इन परियोजनाओं में 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये की 26 योजनाओं का शिलान्यास और 4 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इनका बड़ा हिस्सा गांवों में सड़क, आवागमन और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़ा है।
वनटांगिया गांव को मिलेगी बेहतर सड़क की सौगात
मुख्यमंत्री जिन प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उनमें रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण भी शामिल है। करीब 3 करोड़ 65 लाख 11 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से वनटांगिया समुदाय के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इससे गांव का संपर्क आसपास के इलाकों से और बेहतर हो सकेगा।
कुसम्ही जंगल में बनेगा ईको पार्क, पिपराइच को मिलेगा वैश्विक नगर बाजार
दिवाली के मौके पर गोरखपुर को पर्यटन और व्यापार से जुड़ी दो अहम परियोजनाओं की सौगात भी मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री कुसम्ही जंगल में ईको पार्क के विकास और पिपराइच नगर पंचायत में वैश्विक नगर बाजार के निर्माण का शिलान्यास करेंगे।
कुसम्ही जंगल में करीब 4 करोड़ 84 लाख 81 हजार रुपये की लागत से ईको पार्क विकसित किया जाएगा। इसमें स्विस कॉटेज सहित पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे क्षेत्र में ईको टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, पिपराइच में 1 करोड़ 91 लाख 51 हजार रुपये की लागत से वैश्विक नगर बाजार बनाया जाएगा। इस परियोजना से स्थानीय व्यापारियों को बेहतर बाजार व्यवस्था मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।
वनटांगिया समुदाय के साथ दिवाली मनाने की परंपरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वनटांगिया गांव में दिवाली मनाने का कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि इस समुदाय के साथ उनके लंबे जुड़ाव का प्रतीक भी है। वनटांगिया समुदाय के लोग लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं और सरकारी मान्यता से वंचित रहे थे। योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद इस गांव में सड़क, बिजली, आवास, शिक्षा और अन्य सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री का गांव पहुंचने पर ग्रामीणों की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके लिए घरों को सजाया जा रहा है और पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री सोमवार शाम गोरखनाथ मंदिर के भीम सरोवर पर आयोजित 'एक दीया शहीदों के नाम' कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के जरिए देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।


