TRENDING TAGS :
UP News: योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज को दी करोड़ों की सौगात, बांटी चेक और आवास की चाबियां
CM Yogi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने महराजगंज में जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, टूलकिट, आवास की चाबियां और आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इस दौरान करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।
CM Yogi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महराजगंज में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, टूलकिट और आवास की चाबियां वितरित कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अधिकारी मौजूद रहे।
बच्चों का कराया अन्नप्राशन संस्कार
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नन्हे बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार से की। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से अन्न ग्रहण कराया और उपहार भी भेंट किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की ओडीओपी योजना के तहत अंगद को टूलकिट प्रदान की। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत सीमा कन्नौजिया को भी टूलकिट दी गई। पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत राजकुमार कुशवाहा को 30 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके अलावा ग्राम प्रधान पंचायत कल्याण कोष योजना के अंतर्गत बिजना देवी को 10 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया। कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एपीओ कंचन मौर्या फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक सुरेंद्र कुमार को कृषि यंत्र वितरण हेतु अनुदान राशि का चेक सौंपा गया। मुख्यमंत्री ने द्वारिका नामक लाभार्थी को कृषि यंत्र यानी ट्रैक्टर की चाबी भी सौंपी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत प्रतिभा जायसवाल को 5 लाख रुपये की परियोजना लागत का चेक दिया गया।
आवास और स्वास्थ्य योजनाओं का भी वितरण
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत अवतारी देवी को आवास की चाबी प्रदान की गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से विनोद को आयुष्मान कार्ड सौंपा गया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत उर्मिला देवी को 5 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक वितरित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।
कई विकास परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वाली पांच परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके साथ ही बृजमनगंज में 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर स्थापना कार्य का भी उद्घाटन किया गया। इसके अलावा सात राजकीय विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत पेयजल व्यवस्था, पुस्तकालय और शौचालय निर्माण कार्यों का लोकार्पण हुआ। मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से फरेन्दा स्थित लेहड़ा देवी मंदिर के समेकित पर्यटन विकास परियोजना का भी उद्घाटन किया।
करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौतनवा और फरेन्दा में 14 मार्गों तथा तीन लघु सेतुओं के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा 55 करोड़ रुपये की लागत से 21.50 किलोमीटर लंबे मदरी-महदेड्या-चकदह-शाहपुर धोतिअहवा-कजरी मार्ग निर्माण परियोजना की आधारशिला रखी गई। नौतनवा के ग्राम मुड़िला में 28 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय निर्माण कार्य और लक्ष्मीपुर विकासखंड के सेमरहवां गांव में रोहिन नदी पर 27 करोड़ रुपये की लागत से सेतु निर्माण परियोजना का भी शिलान्यास किया गया। भगवानपुर और अमोढ़ा में शिव मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्य की भी शुरुआत की गई।


