UP News: योगी सरकार का बड़ा फैसला! सर्वोदय विद्यालयों में होगा व्यापक बदलाव, 2 अक्टूबर तक छात्रवृत्ति भुगतान

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में सर्वोदय विद्यालयों के बेहतर संचालन, लंबित वृद्धावस्था पेंशन आवेदनों के सत्यापन और 2 अक्टूबर तक छात्रवृत्ति भुगतान के निर्देश दिए।

Newstrack Network
Published on: 20 Aug 2026 3:48 PM IST (Updated on: 20 Aug 2026 3:48 PM IST)
UP News
X

UP News (Image Credit-Social Media)

लखनऊ, 20 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में सर्वोदय विद्यालयों के संचालन से लेकर वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और छात्रवृत्ति वितरण तक कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के बेहतर संचालन के लिए स्पष्ट नियमावली और प्रभावी प्रबंधन व्यवस्था जरूरी है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

सर्वोदय विद्यालयों के प्रबंधन में होगा बदलाव

मुख्यमंत्री ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के संचालन में व्यापक सुधार की जरूरत बताई। उन्होंने विद्यालयों के लिए सुस्पष्ट नियमावली तैयार करने और प्रबंधन को व्यवस्थित करने के लिए सोसाइटी के गठन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में 93 सर्वोदय विद्यालय संचालित थे, जबकि वर्ष 2025-26 तक इनकी संख्या बढ़कर 103 हो गई है। इनमें 59 विद्यालय सीबीएसई और 44 विद्यालय यूपी बोर्ड से संबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप अन्य आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

11.50 लाख लंबित आवेदनों का सत्यापन कर पेंशन देने के निर्देश

वृद्धावस्था पेंशन योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि पात्र वृद्धजनों को पेंशन के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने लंबित आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कर पात्र लोगों को जल्द से जल्द पेंशन का लाभ देने को कहा।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों की संख्या वर्ष 2017-18 में 37.47 लाख थी, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 67.50 लाख हो गई है। वर्तमान में करीब 11.50 लाख नए आवेदन लंबित हैं। मुख्यमंत्री ने आवेदन से लेकर पेंशन स्वीकृति तक पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना को और प्रभावी बनाने पर जोर

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और बेहतर शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

वर्तमान में योजना प्रदेश के सभी 75 जिलों में 163 केंद्रों के माध्यम से संचालित है। इन केंद्रों पर 1,783 इम्पैनल्ड शिक्षक जुड़े हैं और UPSC, PCS, NEET, JEE, NDA तथा CDS समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 23,801 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। योजना के तहत चार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी संचालित हैं।

मुख्यमंत्री ने श्रेष्ठ शिक्षकों और विशेषज्ञों के अनुभव का अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

3.16 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का फिर मिलेगा मौका

छात्रवृत्ति वितरण की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे। पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति से छूटे विद्यार्थियों के लिए आवेदन पोर्टल फिर से खोलने और 02 अक्टूबर तक छात्रवृत्ति की राशि हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि विभिन्न कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित करीब 3.16 लाख विद्यार्थियों को दोबारा आवेदन का अवसर दिया जा रहा है। इनमें 31,836 विद्यार्थी सरकारी, 69,631 अनुदानित और 2,46,426 निजी संस्थानों से संबंधित हैं।

शिक्षा, पेंशन और युवाओं पर एक साथ फोकस

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज कल्याण विभाग की योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू करने पर जोर दिया। सर्वोदय विद्यालयों में बेहतर प्रबंधन, वृद्धजनों को समय से पेंशन, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने के निर्देशों से सरकार ने शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े लाभार्थियों पर अपना फोकस स्पष्ट किया।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story