Kaun hain Manoj Pandey: कौन हैं मनोज पांडेय? अखिलेश यादव का साथ छोड़ अब योगी सरकार में बने मंत्री

योगी कैबिनेट विस्तार में मनोज पांडेय की एंट्री ने सबको चौंका दिया है। जानें कौन हैं रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक मनोज पांडेय, जिन्होंने सपा छोड़कर भाजपा का दामन थामा और अब योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री बने हैं।

Shivam
Published on: 10 May 2026 4:31 PM IST
Kaun hain Manoj Pandey: कौन हैं मनोज पांडेय? अखिलेश यादव का साथ छोड़ अब योगी सरकार में बने मंत्री
X

Kaun hain Manoj Pandey: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल के दूसरे कैबिनेट विस्तार में सबसे चर्चित नाम मनोज पांडेय का रहा अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से ठीक पहले हुए मंत्रिमंडस विस्तार में छह नए चेहरों को जगह दी गई है, जबकि दो मंत्रियों का कद बढ़ाते हुए उन्हें प्रमोट किया गया है। जनभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में सभी नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली, जिसमें मनोज पांडेय के नाम ने सत्ता के गलियारों में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं।

समाजवादी पार्टी के सचेतक से योगी के मंत्री तक का सफर

मनोज पांडेय का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। साल 2022 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीतने वाले मनोज पांडेय यूपी विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हालांकि, पार्टी के भीतर वैचारिक मतभेद और तत्कालीन राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरित मानस पर की गई विवादित टिप्पणियों के बाद उन्होंने बगावती तेवर अपना लिए थे। फरवरी 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्होंने पार्टी लाइन से हटकर भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की, जिसके बाद अखिलेश यादव ने उन्हें अन्य बागी विधायकों के साथ पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

अवध और पूर्वांचल में ब्राह्मण राजनीति का बड़ा चेहरा

15 अप्रैल 1968 को जन्मे मनोज पांडेय की गिनती अवध और पूर्वांचल क्षेत्र के कद्दावर ब्राह्मण नेताओं में होती है। वह रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा सीट से लगातार तीन बार (2012, 2017 और 2022) विधायक चुने जा चुके हैं। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उन्होंने कानपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध फिरोज गांधी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। यह पहली बार नहीं है जब वह लाल बत्ती वाली गाड़ी में नजर आएंगे; इससे पहले 2012 में अखिलेश यादव की सरकार में भी वह कैबिनेट मंत्री के रूप में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। भाजपा ने उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल कर आगामी चुनावों से पहले एक बड़े वोट बैंक को साधने की कोशिश की है।

मंत्रिमंडल विस्तार में इन दिग्गजों को भी मिली जगह

योगी कैबिनेट के इस विस्तार में मनोज पांडेय के साथ-साथ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। सरकार ने क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए सोमेंद्र पाल और अजीत पाल का कद बढ़ाते हुए उन्हें राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी सौंपी है। इनके अलावा हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर और कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री के रूप में टीम योगी में शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि इस विस्तार के जरिए भाजपा ने न केवल संगठन और सरकार के बीच तालमेल बिठाने की कोशिश की है, बल्कि मिशन 2027 के लिए अपनी चुनावी बिसात भी बिछा दी है।

Shivam

Shivam

Shivam is a multimedia journalist.

Next Story