TRENDING TAGS :
UP News: योगी सरकार में खिलाड़ियों को बड़ा मौका, 5 स्पोर्ट्स कॉलेजों में 518 सीटों पर दाखिले शुरू
UP News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए 5 स्पोर्ट्स कॉलेजों में सत्र 2026-27 के दाखिले शुरू किए हैं। लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर स्पोर्ट्स कॉलेजों में 518 सीटों पर प्रवेश होगा। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है और चयन मेरिट व खेल प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
Lucknow News(Image Credit-Social Media)
लखनऊ 11 मई: योगी सरकार उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी क्रम में सत्र 2026-27 के लिए स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर स्थित स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6, 9 और 11 की कुल 518 संभावित रिक्त सीटों पर प्रवेश होगा।
आवेदन के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित
दरअसल प्रदेश को सहारनपुर और फतेहपुर में दो नए स्पोर्ट्स कॉलेज मिल गए हैं। यहां सत्र 2026-27 से एडमिशन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस तरह प्रदेश में कुल 5 स्पोर्ट्स कॉलेज में एडमिशन प्रक्रिया चालू है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इसके लिए खेल साथी पोर्टल का प्रयोग किया जा रहा है। अभ्यर्थी स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ की वेबसाइट SPORTSCOLLEGELKO.IN या खेल साथी पोर्टल https://khelsathi.in पर जाकर आवेदन कर रहे हैं। आवेदन शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है।
एडमिशन के लिए पीईएन नंबर हुआ अनिवार्य
योगी सरकार ने इस बार आवेदन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए यूडाइस पोर्टल से जारी पर्मानेंट एजुकेशन नंबर (पीईएन) को अनिवार्य कर दिया है। इस बार बिना पर्मानेंट एजुकेशन नंबर (पीईएन) के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अभ्यर्थियों के शैक्षिक रिकॉर्ड का सत्यापन यूडाइस प्लस पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। योगी सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार नई योजनाओं और सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इन पांचों स्पोर्ट्स कॉलेजों में अलग-अलग खेलों में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। लखनऊ के गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और वॉलीबॉल जैसे खेल संचालित होंगे।
सहारनपुर स्पोर्ट्स कॉलेज में भारोत्तोलन के लिए दाखिले
गोरखपुर के बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में वॉलीबॉल, कुश्ती, जिम्नास्टिक, बैडमिंटन, हॉकी और जूडो की ट्रेनिंग दी जाएगी। जबकि इटावा (सैफई) के मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कबड्डी और तैराकी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा फतेहपुर स्पोर्ट्स कॉलेज में केवल कक्षा 9 के लिए एथलेटिक्स, हॉकी, हैंडबॉल और कुश्ती में प्रवेश होगा। सहारनपुर स्पोर्ट्स कॉलेज में भी केवल कक्षा 9 के लिए एथलेटिक्स, हॉकी, बॉक्सिंग, जूडो और भारोत्तोलन में दाखिले किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को उनके पसंदीदा खेल में बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
इन अभ्यर्थियों को शपथ पत्र के साथ अपनी स्थिति करनी होगी स्पष्ट
प्रवेश के लिए सरकार ने कुछ आवश्यक पात्रताएं भी तय की हैं। कक्षा 6 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का सत्र 2025-26 में कक्षा 5 उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसी प्रकार कक्षा 9 के लिए कक्षा 8 और कक्षा 11 के लिए कक्षा 10 उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया है। जिन छात्रों ने एक वर्ष का गैप लिया है, उन्हें शपथ पत्र के साथ अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल लेकिन सुरक्षित बनाया गया है। आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को अपनी नवीन फोटो, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, अंकपत्र, हस्ताक्षर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पर्मानेंट एजुकेशन नंबर (पीईएन) नंबर तैयार रखना होगा।
100 अंकों की होगी प्रारंभिक चयन परीक्षा
रजिस्ट्रेशन के बाद मोबाइल और ईमेल पर ओटीपी भेजा जाएगा। सत्यापन के बाद लॉगिन आईडी और पासवर्ड जारी किए जाएंगे, जिनकी मदद से छात्र आवेदन फार्म भर सकेंगे।
योगी सरकार ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह मेरिट और प्रदर्शन आधारित रखा है। प्रारंभिक चयन परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें 50 अंक फिजिकल टेस्ट और 50 अंक स्किल एवं गेम टेस्ट के होंगे। दोनों परीक्षाओं में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। खेल विशेषज्ञ मैदान पर खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और प्रदर्शन का परीक्षण करेंगे। इसके बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी।
प्रवेश के लिए न्यूनतम लंबाई तय की गई
प्रारंभिक चयन परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य चयन परीक्षा में शामिल किया जाएगा। मुख्य परीक्षा भी 100 अंकों की होगी और इसमें भी फिजिकल व स्किल टेस्ट शामिल रहेंगे।
प्रदेश सरकार ने खेलवार विशेष मानक भी निर्धारित किए हैं। वॉलीबॉल में प्रवेश के लिए न्यूनतम लंबाई तय की गई है। कक्षा 9 में बालकों की लंबाई 175 सेंटीमीटर और बालिकाओं की 160 सेंटीमीटर होनी चाहिए। जबकि कक्षा 11 के लिए यह सीमा क्रमशः 180 और 165 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। अधिक लंबाई वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलेगी।
अभ्यर्थियों की होगी जैविक आयु जांच
कुश्ती, बॉक्सिंग और जूडो जैसे खेलों के लिए अलग-अलग भार वर्ग भी तय किए गए हैं। एथलेटिक्स में रनिंग, जम्प और थ्रो की विभिन्न स्पर्धाओं में आवेदन किए जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों की जैविक आयु जांच भी कराई जाएगी। इसके लिए लखनऊ, गोरखपुर और इटावा में अलग-अलग खेलों के अनुसार मेडिकल जांच केंद्र बनाए गए हैं। जैविक आयु जांच में सफल होने वाले अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कर अंतिम प्रवेश दिया जाएगा। लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य अतुल सिन्हा ने कहा कि आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है। अभ्यर्थियों का चयन पूरी तरह उनकी खेल प्रतिभा, फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।


