TRENDING TAGS :
‘ये मेरी अंतिम यात्रा है...’, 'बिग बॉस-17' फेम अनुराग डोभाल ने लाइव आकर की आत्महत्या की कोशिश, एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराई कार
YouTuber Anurag Doval: 'बिग बॉस-17' फेम अनुराग डोभाल जो देहरादून के मशहूर मोटो-ब्लॉगर और Bigg Boss 17 के प्रतिभागी रह चुके हैं, ने शनिवार रात एक चौंकाने वाला कदम उठाते हुए कथित तौर पर अपनी जान देने की कोशिश की।
YouTuber Anurag Doval
YouTuber Anurag Doval: अनुराग डोभाल (UK07 Rider) जो देहरादून के मशहूर मोटो-ब्लॉगर और 'बिग बॉस-17' के प्रतिभागी रह चुके हैं, ने शनिवार रात एक चौंकाने वाला कदम उठाते हुए कथित तौर पर अपनी जान देने की कोशिश की। यह घटना दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुई, जहां अनुराग ने इंस्टाग्राम पर लाइव आते हुए अपनी कार तेज रफ्तार में चलाकर डिवाइडर से टकरा दी। इस पूरे घटनाक्रम को हजारों लोगों ने लाइव देखा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले अनुराग अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाइव थे। वीडियो में वह बेहद भावुक और मानसिक रूप से परेशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने अपने दर्शकों से बातचीत के दौरान कहा कि वह अब और मानसिक दबाव सहन नहीं कर पा रहे हैं। कुछ ही पलों बाद उन्होंने अचानक कार की स्पीड बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि उनकी कार की रफ्तार करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। लाइव वीडियो में देखा जा सकता है कि अनुराग तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए कह रहे थे, “यह मेरी अंतिम यात्रा है।” इसके कुछ ही सेकंड बाद उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। यह खौफनाक दृश्य लाइव देख रहे हजारों लोगों के सामने हुआ, जिसके बाद लोगों ने तुरंत सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करनी शुरू कर दी।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अनुराग को गंभीर हालत में बाहर निकाला। उन्हें तुरंत मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। बाद में उनके परिजन और करीबी उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले गए। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अनुराग पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव और पारिवारिक विवादों से गुजर रहे थे। कुछ दिन पहले ही उन्होंने करीब दो घंटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें उन्होंने अपनी निजी जिंदगी में चल रही परेशानियों के बारे में खुलकर बात की थी।
उस वीडियो में उन्होंने अपनी स्थिति के लिए अपने माता-पिता और भाई को जिम्मेदार ठहराया था। सूत्रों के अनुसार, उनकी निजी जिंदगी में चल रहा पारिवारिक विवाद और कथित तौर पर इंटरकास्ट मैरिज से जुड़ा तनाव भी इस पूरे मामले की एक वजह हो सकता है। हालांकि, इस बारे में अभी आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं कहा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे असल कारण क्या था।


