उत्तराखंड में आसमान से आफत बरसने का अलर्ट! धामी ने दिए सख्त निर्देश, पर्यटकों पर भी पाबंदी

Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 5 जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। CM पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को अलर्ट रहने और पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश दिए।

Newstrack Network
Published on: 30 Oct 2026 10:54 AM IST
Pushkar Singh Dhami
X

Pushkar Singh Dhami

Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज और येलो अलर्ट के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सभी जिलों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां पूरी रखी जाएं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून की ओर से 30 अक्टूबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर रहेगी नजर

मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए हैं कि पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सामान्य होने तक ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित रखा जाए। संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। जरूरत पड़ने पर यातायात को भी नियंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी सड़क के बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

हाई अलर्ट पर रहेंगे आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपदा प्रबंधन की आईआरएस (Incident Response System) प्रणाली के तहत नामित अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहें। राजस्व, ग्राम्य विकास और पंचायतीराज विभाग के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें। इसके अलावा पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य बचाव दल जरूरी उपकरणों के साथ तैयार रहें।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए हैं कि भारी बारिश और खराब मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने और समय रहते सभी एहतियाती कदम उठाने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। साथ ही, जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story