TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: उत्तराखंड में दिसंबर तक 15 हजार परिवारों को पक्की छत, PMAY-शहरी के 84% मकान तैयार
Uttarakhand News: उत्तराखंड में दिसंबर तक 15 हजार परिवारों को पक्की छत मिलेगी, PMAY-शहरी के 84% मकान तैयार हो चुके हैं।
Uttarakhand News(Photo-Social Media)
Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) को गति देने में जुटी है। योजना के तहत प्रदेश के जरूरतमंद और पात्र परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। सरकार के प्रयासों से हजारों परिवारों के अपने घर का सपना साकार होने जा रहा है। आवास विभाग के अनुसार, आगामी दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। लंबित आवासीय परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्थाओं को 30 सितंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
18 परियोजनाओं में बन रहे 15,496 आवास
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश के मुताबिक, प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत कुल 18 परियोजनाओं में 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से करीब 84 प्रतिशत यानी 12,948 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। अब तक 1,271 मकानों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। इनमें रुड़की के 768 और हरिद्वार के 503 लाभार्थी शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य है कि बाकी निर्माण कार्य भी तय समयसीमा में पूरा कर पात्र परिवारों को उनके घर उपलब्ध कराए जाएं।
ऊधमसिंह नगर में सबसे ज्यादा आवास
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत सबसे ज्यादा 10,200 मकान ऊधमसिंह नगर जिले में बनाए जा रहे हैं। इनमें रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम के 1,872 आवास तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा भवानीपुर जसपुर में 1,264, उकरौली-1 सितारगंज में 1,168, उकरौली-2 सितारगंज में 864 और कनकपुर काशीपुर में 1,256 आवास बनाए जा रहे हैं। वहीं मटकोटा रुद्रपुर में 928, श्यामनगर गदरपुर में 928, महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर काशीपुर में 512 और गंगापुर गोसाल काशीपुर में 584 आवास निर्माणाधीन हैं।
हरिद्वार में 4,528 आवासों का निर्माण
हरिद्वार जिले में योजना के तहत कुल 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेल्दी-बेलड़ी रुड़की में 1,088, शिकारपुर में 768 और इंद्रलोक आवासीय योजना में 528 आवास शामिल हैं। वहीं नैनीताल जिले के उम्मेदनगर रामनगर में सभी 528 आवासीय इकाइयों का निर्माण पूरा हो चुका है। देहरादून में धौलास हाउसिंग स्कीम के तहत 240 आवासों में से 180 का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
हर पात्र परिवार को घर देने का लक्ष्य
धामी सरकार का लक्ष्य है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदेश के प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे। सरकार के मुताबिक योजना सिर्फ गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। सरकार की ओर से योजना में राज्य की हिस्सेदारी भी बढ़ाई जा रही है। पात्र परिवारों को और अधिक सहायता देने के लिए राज्य सरकार की हिस्सेदारी 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किए जाने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का जोर निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और लाभार्थियों को जल्द से जल्द उनके घर की चाबी सौंपने पर है। दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को पक्की छत मिलने की उम्मीद है, जिससे प्रदेश में अपने घर का इंतजार कर रहे हजारों परिवारों का सपना पूरा होगा।


