TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: मुख्यमंत्री धामी की घोषणा को मिली रफ्तार, बागेश्वर में बनेगा हाईटेक गेस्ट हाउस
Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत बागेश्वर के ग्राम ठेलापालन में आधुनिक राज्य अतिथि गृह बनाया जाएगा। 45 नाली भूमि पर विकसित होने वाली इस परियोजना के लिए डीपीआर तैयार करने और समयबद्ध निर्माण के निर्देश दिए गए हैं। अतिथि गृह में आधुनिक सुविधाएं, पार्किंग और प्रशासनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी।
Bageshwar State Guest House (Image Credit-Newstrack)
Bageshwar State Guest House: बागेश्वर में आधुनिक राज्य अतिथि गृह निर्माण की दिशा में राज्य सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप राज्य संपत्ति विभाग ने प्रस्तावित परियोजना को प्राथमिकता देते हुए इसकी कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। गुरुवार को राज्य सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बागेश्वर के ग्राम ठेलापालन में बनने वाले राज्य अतिथि गृह की रूपरेखा और निर्माण प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत आने वाली इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए तथा इसका निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह बागेश्वर तहसील के ग्राम ठेलापालन में लगभग 0.900 हेक्टेयर यानी 45 नाली भूमि पर विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में सरकारी कार्यक्रमों, प्रशासनिक गतिविधियों और विशिष्ट अतिथियों के आवागमन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बैठक में भवन की संरचना, आवश्यक सुविधाओं और भविष्य में विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, बागेश्वर को निर्देशित किया कि डीपीआर में पर्याप्त संख्या में अतिथि कक्ष, बैठक कक्ष, प्रशासनिक कक्ष और अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जाए ताकि आने वाले वर्षों में बढ़ती जरूरतों को भी पूरा किया जा सके।
बैठक के दौरान पार्किंग व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में बढ़ने वाली गतिविधियों को देखते हुए पर्याप्त पार्किंग क्षमता सुनिश्चित की जाए। साथ ही भवन में आवश्यक फर्नीचर, विद्युत उपकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी परियोजना का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी व्यवस्थाएं मितव्ययता के सिद्धांतों के अनुरूप हों, ताकि सरकारी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
सचिव ने निर्देश दिया कि डीपीआर के साथ स्थल चयन समिति की रिपोर्ट, जिला प्राधिकरण से प्राप्त ले-आउट स्वीकृति तथा अन्य आवश्यक अनुमतियां भी संलग्न की जाएं, जिससे परियोजना की स्वीकृति प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।
बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी लक्ष्मण सिंह, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, बागेश्वर के अधिशासी अभियंता इंजी. एस.के. पांडे और सहायक अभियंता इंजी. तनीशा पांगती ने परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया।
अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकासपरक सोच के अनुरूप बनने वाला यह राज्य अतिथि गृह प्रशासनिक गतिविधियों को नई सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जिले में आने वाले विशिष्ट अतिथियों और अधिकारियों के लिए आधुनिक एवं सुव्यवस्थित आवासीय व्यवस्था भी सुनिश्चित करेगा। सरकार का लक्ष्य इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कर क्षेत्र के विकास को नई गति देना है।


