Uttarakhand News: 114 दिनों में चारधाम पहुंचे 47 लाख से ज्यादा श्रद्धालु, सीएम धामी बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

Uttarakhand News: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के 114 दिनों में 47 लाख 2 हजार 703 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पिछले साल की तुलना में 4.68 लाख से अधिक यात्री पहुंचे।

Newstrack Network
Published on: 11 Aug 2026 6:19 PM IST (Updated on: 11 Aug 2026 6:19 PM IST)
Char Dham Yatra 2026
X

Char Dham Yatra 2026 (Image Credit-Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की चुनौतियों और लगातार खराब मौसम के बावजूद चारधाम यात्रा नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। इस वर्ष यात्रा के 114 दिनों में ही 47 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले इस बार 4 लाख 68 हजार 556 अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं।

प्रदेश सरकार का कहना है कि मानसून के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा को मौसम और परिस्थितियों के अनुसार नियंत्रित किया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ यात्रियों के ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

114 दिनों में 47 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा की शुरुआत हुई थी। सोमवार, 10 अगस्त तक कुल 47 लाख 2 हजार 703 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं।

वहीं, वर्ष 2025 में इसी अवधि के दौरान 42 लाख 34 हजार 147 श्रद्धालु चारधाम पहुंचे थे। इस तरह इस वर्ष अब तक पिछले साल के मुकाबले 4 लाख 68 हजार 556 अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

धामवार आंकड़ों की बात करें तो अब तक बद्रीनाथ में 16 लाख 12 हजार 112, केदारनाथ में 14 लाख 50 हजार 116, गंगोत्री में 7 लाख 37 हजार 629 और यमुनोत्री में 6 लाख 62 हजार 347 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा हेमकुंड साहिब में 2 लाख 40 हजार 499 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है।

खराब मौसम के बीच एक दिन में 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे

मौसम खराब रहने और प्रशासन की ओर से जारी अलर्ट के बावजूद सोमवार को 15 हजार 376 श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए। इनमें सबसे ज्यादा 9,559 श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचे।

इसके अलावा केदारनाथ में 4,170, गंगोत्री में 1,204 और यमुनोत्री धाम में 443 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

बद्रीनाथ धाम में 16.12 लाख से अधिक श्रद्धालु

बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। 23 अप्रैल से शुरू हुई बद्रीनाथ यात्रा के 110 दिनों में अब तक 16 लाख 12 हजार 112 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस बार बद्रीनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 3 लाख 50 हजार 192 अधिक है। वर्ष 2025 में 110 दिनों के दौरान 12 लाख 61 हजार 280 श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचे थे।

सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

मानसून के दौरान भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा मार्गों पर निगरानी बढ़ाई है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है। यात्रियों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानसून की सक्रियता को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है और जिलाधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके, इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन या अन्य आपदा की स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उत्तराखंड सरकार के मुताबिक, मौसम की चुनौतियों के बीच भी श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या चारधाम यात्रा के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाती है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के साथ यात्रा को आगे भी परिस्थितियों के अनुसार संचालित किया जाएगा।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story