धामी ने खोला खजाना! PRD जवानों की बढ़ेगी सैलरी, खिलाड़ियों को मिलेगा डबल इनाम

CM Dhami Big Announcement: उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर PRD जवानों का मानदेय बढ़ाने, हर ग्राम पंचायत में खेल क्लब बनाने और खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने का ऐलान किया।

Newstrack Network
Published on: 31 Oct 2026 2:30 PM IST
CM Dhami Big Announcement
X

CM Dhami Big Announcement 

CM Dhami Big Announcement: उत्तराखंड में युवाओं और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई अहम घोषणाएं की हैं। शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों का मानदेय बढ़ाने, हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब बनाने और युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम व अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र तैयार करने का ऐलान किया। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देते हुए युवाओं, खिलाड़ियों और पीआरडी जवानों के हित में कई फैसलों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि की जाएगी। इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी।

हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने की घोषणा की। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देना है।

इसके साथ ही देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी खाली जमीन को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित किया जाएगा। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाएं मिलने के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए भी बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।


खेल प्रतियोगिताओं में बढ़ाई जाएगी पुरस्कार राशि

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत अलग-अलग स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा।

विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार 500 रुपये से बढ़ाकर 700 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 400 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये किया जाएगा।

इसी तरह संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर 1,000, 800 और 600 रुपये की जाएगी। राज्य स्तर पर भी पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी होगी। यहां प्रथम पुरस्कार 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जिले को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का ऐलान किया। फिलहाल इस प्रतियोगिता के तहत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं। इनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इसमें खास तौर पर पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि भी बढ़ाई जाएगी।


सरदार पटेल को किया नमन, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन किया और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। गुजरात में बनी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भी सरदार पटेल के योगदान को चिरस्थायी बनाने का प्रयास है।

धामी ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन सरदार पटेल के विचारों को लोगों तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर भी दुख जताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story