TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: रुड़की को मिली आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण
Uttarakhand News: रुड़की में एचआरडीए द्वारा 3.75 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकार्पण किया। खिलाड़ियों को जिम, बैडमिंटन कोर्ट और विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
Pushkar Singh Dhami (Image Credit-Social Media)
हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया। करीब 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से तैयार इस खेल परिसर में खिलाड़ियों को अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों तथा खेल प्रशिक्षकों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उनका कहना था कि आधुनिक खेल अवसंरचना युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। उत्तराखंड सरकार भी अपनी खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने, प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रुड़की में तैयार हुआ यह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें बेहतर अभ्यास एवं प्रशिक्षण की सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।
नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में इनडोर खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में अत्याधुनिक जिम, बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। यह केंद्र खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण शिविरों और खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी उपयोगी रहेगा।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, मेलाधिकारी कुंभ सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


