TRENDING TAGS :
Uttarakhand News : CM धामी ने स्वयं सहायता समूहों के स्टालों से खरीदे स्थानीय उत्पाद, जनता से की ये अपील
Uttarakhand News: सीएम धामी ने स्वयं सहायता समूहों के स्टाल से उत्पाद खरीदे, बोले- स्थानीय खरीद से महिलाओं की आजीविका और उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा।
CM धामी ने स्वयं सहायता समूहों के स्टालों से खरीदे स्थानीय उत्पाद, जनता से की ये अपील (Photo- Newstrack)
Uttarakhand News: देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में सशक्त बहना उत्सव के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टालों से विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीद से मातृशक्ति की आजीविका को मजबूती मिलेगी और राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से अलग-अलग स्थानीय उत्पाद तैयार कर रही है। ये उत्पाद प्रदेश की स्थानीय संस्कृति, परंपरा और हुनर की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों की खरीदारी से केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा नहीं मिलता, बल्कि उनसे जुड़ी महिलाओं की आजीविका भी मजबूत होती है और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रदेशवासी त्योहारों के दौरान उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी करते समय स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्राथमिकता दें। स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए किसी उत्पाद की हर खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने, किसी महिला के स्वरोजगार को मजबूती देने और राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मदद करती है।
वोकल फॉर लोकल को आगे बढ़ाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वोकल फॉर लोकल अभियान ने देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति नया विश्वास पैदा किया है। राज्य सरकार भी महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें और दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल को जन-अभियान बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी है। स्थानीय उत्पादों को अपनाने से आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।


