Uttarakhand News: तमकनाला आपदा पर CM धामी की सीधी नजर, राहत-बचाव से कनेक्टिविटी तक हर मोर्चे पर त्वरित कार्रवाई

Uttarakhand News: चमोली के तमकनाला में बेली ब्रिज बहने के बाद CM पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। राहत-बचाव, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और कनेक्टिविटी बहाली के लिए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Newstrack Network
Published on: 11 Aug 2026 3:31 PM IST (Updated on: 11 Aug 2026 3:36 PM IST)
Uttarakhand News
X

Uttarakhand News (Image Credit-Newstrack)

देहरादून। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद उत्तराखंड सरकार अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने चमोली के जिलाधिकारी और गढ़वाल मंडल आयुक्त से स्थिति की जानकारी लेते हुए राहत-बचाव कार्य, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और सड़क संपर्क बहाल करने को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों और अन्य उपलब्ध साधनों के जरिए ग्रामीणों तक आवश्यक वस्तुएं पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जल्द बहाल हो ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग



CM धामी ने ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति और नुकसान का आकलन करने को कहा, ताकि राहत और पुनर्व्यवस्था से जुड़े कार्यों में देरी न हो।

मुख्यमंत्री ने बदलते मौसम और नदी-नालों में बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है।

SEOC से 24×7 निगरानी

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से चमोली समेत प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया जा सके।



सोमवार को तमकनाला में अचानक अत्यधिक जलप्रवाह बढ़ने के कारण 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा बनाया गया बेली ब्रिज तेज बहाव में बह गया था। इस दौरान एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के भी बहने की सूचना सामने आई थी।

SDRF और NDRF की टीमें मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री धामी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली थी। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद SDRF और NDRF की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी राहत-बचाव अभियान में जुटी हैं।

सुरक्षा, राहत और कनेक्टिविटी पर सरकार का फोकस



तमकनाला की घटना के बाद सरकार का फोकस केवल राहत और बचाव तक सीमित नहीं है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति, वैकल्पिक कनेक्टिविटी और ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर आवाजाही जल्द बहाल करने पर भी जोर दिया जा रहा है।



मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को बदलते मौसम के बीच संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि कठिन परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करना प्राथमिकता है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story