Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले, सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित

Uttarakhand News: सीएम धामी ने मातृशक्ति संवाद में कहा, महिलाओं के उत्पादों को बाजार देने और उद्यमिता बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

Newstrack Network
Published on: 19 Sept 2026 6:25 PM IST
Chief Minister Pushkar Singh Dhami says government is dedicated to women empowerment
X

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले, सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित (Photo- Newstrack)

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह समर्पित है। सरकार महिलाओं के बनाए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना होगा। सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सीधा संवाद किया। संवाद के दौरान महिलाओं ने विभिन्न सरकारी योजनाओं को लेकर अपने विचार साझा किए और सरकार के सामने कई सुझाव भी रखे।


कौशल और उद्यमिता विकास पर सरकार का जोर

महिलाओं के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार महिलाओं के कौशल और उद्यमिता विकास से लेकर उनके बनाए उत्पादों को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी योजना लागू की गई है। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए आसान लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश की महिलाएं लगातार सशक्त हो रही हैं। खास तौर पर हिमालय जैसी हिम्मत रखने वाली उत्तराखंड की महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की महिला केंद्रित नीतियों का विशेष लाभ मिला है।


महिला समूहों को बड़े कारोबारी समूह बनाने पर जोर

महिला स्वयं सहायता समूहों को बड़े कारोबारी समूहों के रूप में विकसित करने के सुझाव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार इसके लिए मुख्यमंत्री सशक्त बहना योजना संचालित कर रही है। उत्तराखंड की महिलाओं के तैयार किए गए विशिष्ट उत्पादों को हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड के माध्यम से नई पहचान दी गई है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि अब सरकार देहरादून के सहस्रधारा रोड पर एक बड़ा सेंटर विकसित कर रही है। इस सेंटर में प्रदेश के सभी 13 जिलों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विशिष्ट उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश की महिलाएं सिलाई और बुनाई से लेकर कारखाना चलाने तक में सक्षम हो रही हैं।

उन्होंने महिलाओं से कहा कि उन्हें सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना होगा। सरकार पूरी तरह उनके साथ है और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।


एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर बिक रहे उत्पाद

महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को जीएमवीएन और केएमवीएन के गेस्ट हाउस के माध्यम से बिक्री के लिए उपलब्ध कराने के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला समूहों के उत्पादों को विभिन्न मेलों और आयोजनों के साथ ही एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों पर भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड के उत्पाद ऑनलाइन बिक्री के लिए भी उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से अपने उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक बार उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर लोगों का भरोसा बन जाएगा तो लोग खुद उसे खरीदने के लिए आगे आएंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं के उत्पाद गुणवत्ता के मामले में बहुराष्ट्रीय कंपनियों के उत्पादों पर भी भारी पड़ते हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना को पूरे वर्ष लागू किए जाने पर भी विचार किया जाएगा।

महिला लाभार्थी ने सुनाई संघर्ष की कहानी

मातृशक्ति संवाद के दौरान एक महिला लाभार्थी ने अपने जीवन के संघर्ष की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि उनके जीवन में एक ऐसा समय भी आया था, जब उनका घर तक बिक गया था। उनके बच्चे खाना खाने के लिए भी मोहताज हो गए थे। ऐसे मुश्किल समय में महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने दोबारा अपने परिवार को संभाला।

महिला लाभार्थी ने कहा कि सरकार की ओर से समूहों को बिना गारंटी के उपलब्ध कराया जाने वाला ऋण उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित गीत भी स्वत:स्फूर्त तरीके से प्रस्तुत किया।


उन्होंने ‘हमें तो मोदी ने बहुत कुछ दिया है, बहुत शुक्रिया है’ गीत के माध्यम से महिलाओं को बिना ब्याज के ऋण, लखपति दीदी योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों के गठन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण को समर्पित नीतियों के चलते महिलाएं लगातार मजबूत हो रही हैं।


समारोह में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक दलीप रावत, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, नेहा शर्मा, किरण भट्ट, डॉ. प्राची कंडवाल सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story