संविधान दिवस पर CM धामी का बड़ा ऐलान, अभियोजन विभाग को 25 लाख; इन 3 सुविधाओं पर भी फोकस

CM Dhami Announcement: संविधान एवं विधि दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने का ऐलान किया। प्रदेश के सभी जिलों के अभियोजन कार्यालयों का आधुनिकीकरण होगा और नए आपराधिक कानूनों की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

Newstrack Network
Published on: 26 Nov 2026 1:12 PM IST
Constitution Day 2026
X

Constitution Day 2026 

CM Dhami Announcement: उत्तराखंड में न्याय व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान एवं विधि दिवस के मौके पर कई अहम घोषणाएं की हैं। गुरुवार को देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग को नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता और प्रशिक्षण के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने का ऐलान किया। इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण और प्रदेश के सभी जिलों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कदमों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और राज्य की न्याय व्यवस्था अधिक मजबूत होगी।

अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के संबंध में अभियोजन विभाग, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही आम लोगों को भी इन कानूनों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएगी।

उन्होंने अभियोजन विभाग के कार्यालयों को आधुनिक बनाने के लिए कंप्यूटर और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विभाग की कार्यक्षमता में सुधार होगा और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई। इसके साथ ही उन्होंने विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


12 विभूतियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी और गोविन्द राम नौटियाल शामिल रहे।

इसके अलावा समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना और डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी को भी सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त अभियोजकों राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं को भी सम्मान मिला।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन भी किया।


न्याय व्यवस्था का आधार है सत्य और निष्पक्षता: धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में न्याय और सत्य को हमेशा सर्वोच्च स्थान दिया गया है। महाभारत में वर्णित विदुर नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था की प्रतिष्ठा तभी कायम रहती है, जब उसके केंद्र में सत्य, न्याय और निष्पक्षता हो। यही सिद्धांत देश की न्याय व्यवस्था का भी आधार हैं।

उन्होंने अभियोजन सेवा को आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, विवेचना अधिकारियों की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना, तथ्यों को न्यायालय के सामने स्पष्ट और निष्पक्ष रूप से रखना और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए अभियोजन का पक्ष मजबूती से प्रस्तुत करना अभियोजन अधिकारियों की प्रमुख जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि अभियोजन अधिकारियों की मेहनत, कानूनी दक्षता और निष्पक्षता से आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है। मुख्यमंत्री ने ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारियां निभाने के लिए अधिकारियों की सराहना भी की।

26 नवंबर को क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 का दिन भारतीय इतिहास में गौरवपूर्ण महत्व रखता है। इसी दिन संविधान सभा ने दो साल, 11 महीने और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1979 में प्रख्यात विधिवेत्ता डॉ. लक्ष्मीमल्ल सिंघवी और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की पहल पर 26 नवंबर को विधि दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई थी। इसके बाद वर्ष 2015 में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।


नए आपराधिक कानूनों से बदलेगी न्याय व्यवस्था

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। औपनिवेशिक दौर के आपराधिक कानूनों की जगह भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं।

उन्होंने इसे आजादी के बाद आपराधिक न्याय व्यवस्था में हुए सबसे बड़े सुधारों में से एक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष ध्यान दिया गया है। इन कानूनों के लागू होने के बाद अभियोजन अधिकारियों की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।


ई-फाइलिंग और डिजिटल अदालतों का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की न्याय व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। नए न्यायालय भवन बनाए जा रहे हैं और पुराने भवनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालय और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए न्याय तक पहुंच आसान हो रही है। राज्य सरकार युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास, विधि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून तभी प्रभावी होता है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के हो और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। देवभूमि उत्तराखंड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति लागू करना राज्य सरकार का संकल्प है।

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन ए.पी. अंशुमान सहित अभियोजन और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story