Champawat News: मुख्यमंत्री ने सशक्त बहना उत्सव में 62.97 करोड़ की 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण किया

Champawat News: चंपावत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सशक्त बहना उत्सव में 62.97 करोड़ रुपये की 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

Newstrack Network
Published on: 27 Aug 2026 6:23 PM IST
Champawat News
X

Champawat News(Photo-Social Media)

Champawat News: चंपावत में रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिले के विकास को नई गति देने वाली 50 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। रामलीला मैदान धूरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 62.97 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 11.08 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का लोकार्पण और 51.89 करोड़ रुपये की 30 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं से जिले में सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और धार्मिक पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की भी घोषणा की।

सड़क और पेयजल योजनाओं को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री द्वारा घोषित योजनाओं में धूरा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्थान के लिए पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग और ग्राम पंचायत ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क निर्माण शामिल है। इसके अलावा भागिना भंडारी में मुख्य सड़क से राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य कराया जाएगा। धन और बस्तियागूंठ के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण की योजना भी प्रस्तावित है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बाढ़ और भूकटाव से सुरक्षा पर जोर

चंपावत के कई क्षेत्रों में भूकटाव और बाढ़ की समस्या को देखते हुए सुरक्षा कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई है। आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी और बस्तियागूंठ के मास्वाड तोक सहित विभिन्न क्षेत्रों में वायरक्रेट कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा ग्राम पंचायत पोथ के लदिया नदी में झूला पुल, दियूरी से चौड़ा तक सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण और डांडा ककनई में सिंचाई के लिए नलकूप का निर्माण कराया जाएगा। सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल निर्माण भी योजनाओं में शामिल है।

मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का जोर

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने मातृशक्ति को रक्षा सूत्र बंधवाया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कुमाऊंनी भाषा में महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि वह अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत से मिलने वाला प्रेम और अपनापन उन्हें हमेशा ऊर्जा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल हिमालय और प्राकृतिक सौंदर्य से नहीं, बल्कि राज्य की मेहनती, साहसी और आत्मनिर्भर मातृशक्ति से भी है। महिला सशक्तिकरण का मतलब केवल सरकारी योजनाओं का लाभ देना नहीं है, बल्कि महिलाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है। चंपावत में बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज हॉस्टल, आईटीआई लैब, 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान और महिला प्रौद्योगिकी पार्क जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

लखपति दीदी से करोड़पति बनने की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि लखपति दीदी बनने के बाद प्रदेश की माताएं और बहनें आगे बढ़कर करोड़पति बनें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना की और कहा कि इनके लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए वोकल फॉर लोकल, हाउस ऑफ हिमालयाज, हिलांस आउटलेट, फूड वैन और ई-रिक्शा जैसे माध्यम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से महिलाओं को रोजगार तलाशने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर होती है तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर बनता है। परिवार से गांव, गांव से समाज और समाज के सशक्त होने से पूरा उत्तराखंड मजबूत और समृद्ध बनेगा।

बच्चियों के साथ केक काटकर दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर उन्होंने छोटी बच्चियों के साथ केक काटकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से उपहार भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विभिन्न दायित्वधारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story