CM धामी ने क्यों कहा- 'प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन सुरक्षित रहेगा'? जानिए पूरा मामला

Pushkar Singh Dhami: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा के समापन पर डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का अभिनंदन किया। नेपाल से शुरू हुई इस यात्रा में 3,000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर 150 से ज्यादा गांवों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया।

Newstrack Network
Published on: 17 Nov 2026 12:11 PM IST
International Nature Path Cycle Yatra 2026
X

International Nature Path Cycle Yatra 2026 

Pushkar Singh Dhami: उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 का मंगलवार को समापन हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी और यात्रा में शामिल साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस यात्रा में 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। अभियान के जरिए नेपाल समेत भारत के विभिन्न राज्यों, 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों तक जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया।

47 दिनों तक साइकिल से तय किया 3,000 किलोमीटर से अधिक का सफर

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का 47 दिनों तक साइकिल यात्रा करना प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं था, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने की एक सार्थक पहल भी है।

डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से इस अभियान की शुरुआत हुई थी। 47 दिनों तक चली यात्रा के दौरान 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। इस दौरान नेपाल के साथ भारत के विभिन्न राज्यों में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संदेश पहुंचाया गया।


भारत-नेपाल के रिश्तों और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनकपुर धाम और अयोध्या का रिश्ता साझा सांस्कृतिक विरासत के साथ दोनों देशों के रोटी-बेटी के आत्मीय संबंधों का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए दोनों देशों के बीच सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी के संदेश 'प्रकृति ही प्रभु है' को भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में प्रकृति को हमेशा पूजनीय माना गया है। प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रह सकेगा।

विकास और पर्यावरण में संतुलन जरूरी: धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। जरूरत इस बात की है कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (Gross Environment Product) की अवधारणा को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, इसके माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता का आकलन कर विकास तथा पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने में मदद मिल सकती है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों, जैव विविधता और समृद्ध प्राकृतिक संपदा से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल करके काम कर रही है। नौले-धारे, चाल-खाल, पारंपरिक जल स्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। इस दिशा में महिलाओं और युवाओं की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण का संदेश लगातार आगे बढ़ना चाहिए। ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और लोगों को संरक्षण के प्रयासों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


देहरादून में होगा विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।

यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने सम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया कि इसका आयोजन सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल और सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।

'सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक' विषय पर आधारित इस सम्मेलन में आपदा जोखिम का पूर्वानुमान लगाने, आपदा प्रबंधन की तैयारियों, नई तकनीकों और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अनुभव, ज्ञान और नवाचारों का आदान-प्रदान करना है।

कार्यक्रम में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत और प्रकृति पथ यात्रा के सदस्य मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story