TRENDING TAGS :
आपदा के समय कैसे मददगार बनेंगे युवा? CM धामी को स्काउट एवं गाइड ने बताई अपनी तैयारी
CM Pushkar Singh Dhami: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। उन्होंने युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करने में संस्था की भूमिका की सराहना की। जानिए हैम रेडियो और युवा आपदा मित्र कार्यक्रम के बारे में।
CM Pushkar Singh Dhami
CM Pushkar Singh Dhami: उत्तराखंड में युवाओं को अनुशासन, सेवा और नेतृत्व का पाठ पढ़ाने वाली संस्था भारत स्काउट एवं गाइड ने शनिवार को अपना स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर संस्था के उत्तराखंड प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया और स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर लगाया। इस दौरान संस्था की ओर से प्रदेश में चल रही गतिविधियों और युवाओं को आपदा प्रबंधन के लिए तैयार करने से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।
मुख्यमंत्री धामी ने स्थापना दिवस पर संस्था से जुड़े सभी पदाधिकारियों, स्काउट्स और गाइड्स को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड युवाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्था के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण विकसित होते हैं। ये गुण न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन को बेहतर बनाते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास भी कराते हैं।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन (Disaster Management), पर्यावरण संरक्षण (Environmental Protection) और सामाजिक सेवा (Social Service) के क्षेत्र में संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में संस्था के प्रयास सराहनीय हैं और युवाओं की भागीदारी समाज के लिए उपयोगी साबित हो रही है।
7 नवंबर 1950 को हुआ था भारत स्काउट एवं गाइड का गठन
मुलाकात के दौरान प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला ने मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत स्काउट एवं गाइड का गठन 7 नवंबर 1950 को किया गया था। उन्होंने उत्तराखंड में संचालित हैम रेडियो पायलट प्रोजेक्ट और युवा आपदा मित्र कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की। इसके तहत स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में वे प्रभावी भूमिका निभा सकें।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर प्रादेशिक मुख्य आयुक्त बंदना गर्ब्याल, प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला, प्रादेशिक वित्त समिति के सदस्य जे.पी. काला, प्रादेशिक संगठन आयुक्त अंजलि चन्दोला, प्रशासनिक अधिकारी अरुण राय और सहायक प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त राहुल प्रसाद रतूड़ी मौजूद रहे। इनके अलावा गाइड योजना और इशा ठाकुर भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।


