TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जरूरी सामान की कीमतों पर नियंत्रण के दिए निर्देश
Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाजारों में जरूरी सामान की उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी के साथ अनियमितता पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जरूरी सामान की कीमतों पर नियंत्रण के दिए निर्देश (Photo- Social Media)
Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और आम जनता को उचित दरों पर जरूरी सामान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से कहा है कि कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए आवश्यक वस्तुओं की कीमतें कृत्रिम रूप से बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बाजार में उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और उनके मूल्यों पर नियमित नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्तर पर आवश्यक वस्तुओं की कृत्रिम कमी पैदा करके आम जनता से अधिक कीमत न वसूली जाए। अधिकारियों को बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार समयबद्ध व प्रभावी कदम उठाने को कहा गया है।
सभी जिलों में बाजारों का नियमित निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों में प्रशासन द्वारा नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित और प्रचलित बाजार मूल्यों की जांच के साथ ही दुकानों और प्रतिष्ठानों में उपलब्ध स्टॉक की स्थिति पर भी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आम जनता के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी का सीधा असर आम नागरिकों के घरेलू बजट पर पड़ता है। ऐसे में मूल्य नियंत्रण से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी और पारदर्शी बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और बाजार की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को आवश्यक वस्तुएं उचित कीमतों पर मिलती रहें।


