Uttarakhand News:सीएम धामी ने रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कहा- बलिदान अविस्मरणीय

Uttarakhand News: रामपुर तिराहा कांड की बरसी पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीदों के सपनों के अनुरूप राज्य के विकास का आह्वान किया।

Newstrack Network
Published on: 1 Oct 2026 5:51 PM IST
Uttarakhand News
X

Uttarakhand News (Image Credit-Social Media)

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले राज्य आंदोलन के अमर शहीदों का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुजफ्फरनगर कांड (रामपुर तिराहा) की बरसी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण में राज्य आंदोलनकारियों और अमर शहीदों का योगदान अविस्मरणीय है। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को प्रदेशवासी सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करते रहेंगे।

आंदोलनकारियों के संघर्ष से हुआ उत्तराखंड राज्य का गठन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को अलग राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया और अनेक आंदोलनकारियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। उनके संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप ही उत्तराखण्ड राज्य का गठन हुआ।

उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की भावनाओं और आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड का विकास करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र, संतुलित और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही युवाओं, महिलाओं, किसानों और स्थानीय लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का आदर्श एवं अग्रणी राज्य बनाने के लिए हमें राज्य आंदोलन की मूल भावना को अपने कार्यों में प्रतिबिंबित करना होगा। इसके लिए प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण का संरक्षण करते हुए विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि राज्य की प्रगति के लिए सरकार और समाज को मिलकर कार्य करना होगा।

शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलन के अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके सपनों के उत्तराखण्ड के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और एकजुटता के साथ कार्य करें।

उन्होंने प्रदेशवासियों से शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए राज्य की उन्नति और समृद्धि के लिए अपना योगदान देने का आह्वान किया।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story