उत्तराखंड में पहली बार आया सफेद बाघ, नाम है 'तेजस'; CM धामी ने छात्रों को भी दिया बड़ा तोहफा

Dehradun Zoo: उत्तराखंड के देहरादून चिड़ियाघर में पहली बार सफेद बाघ तेजस को पर्यटकों के लिए लाया गया है। CM पुष्कर सिंह धामी ने कॉलेज विद्यार्थियों के लिए मुफ्त प्रवेश की घोषणा भी की।

Newstrack Network
Published on: 19 Nov 2026 2:14 PM IST
White Tiger Tejas
X

Dehradun Zoo

Dehradun Zoo: उत्तराखंड के देहरादून चिड़ियाघर में अब पर्यटकों को सफेद बाघ देखने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ 'तेजस' के बाड़े का लोकार्पण किया और उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी चिड़ियाघर में मुफ्त प्रवेश की घोषणा की।


उत्तराखंड में पहली बार आया सफेद बाघ

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी देहरादून चिड़ियाघर में दूसरी प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा था। अब तेजस के आने से यहां आने वाले लोगों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जबकि इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर की लोकप्रियता और बढ़ने की संभावना है।


कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी मुफ्त एंट्री

मुख्यमंत्री ने चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क प्रवेश की सुविधा शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा।

धामी ने बताया कि इससे पहले बच्चों के लिए भी चिड़ियाघर में मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानने और प्रकृति के साथ उनके संबंध को समझने में मदद मिली है। अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी इस सुविधा से जोड़ने का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का केंद्र है चिड़ियाघर

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर सिर्फ पर्यटन स्थल नहीं है, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का मौका मिलता है।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना जरूरी है। वन्यजीवों का संरक्षण करने के साथ ही युवाओं को पर्यावरण के महत्व से परिचित कराना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।


पर्यावरण संतुलन के साथ विकास पर जोर

धामी ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय लिहाज से बेहद संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल अलग-अलग प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन बनाकर विकास की दिशा में काम कर रही है। उत्तराखंड देश के उन प्रमुख राज्यों में शामिल है, जहां वन क्षेत्र काफी अधिक है। यहां की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल समेत वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story