74वें गौचर मेले का आगाज, CM धामी ने खोला सौगातों का पिटारा; 36.99 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण

Gauchar Mela 2026: उत्तराखंड के 74वें गौचर मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने गौचर और गैरसैंण की 36.99 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

Newstrack Network
Published on: 14 Nov 2026 2:56 PM IST
74th Gauchar Mela
X

CM Pushkar Singh Dhami

Gauchar Mela 2026: उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और व्यापारिक परंपरा के प्रतीक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने गौचर और गैरसैंण के लिए पेयजल से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनकी कुल लागत करीब 36.99 करोड़ रुपये है।

गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की धुनों, पुष्पमालाओं और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने सबसे पहले मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट कर उनका स्वागत किया।

1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी शुरुआत

मेले का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। इसकी शुरुआत वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र था। यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और अन्य स्थानीय उत्पादों का कारोबार होता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ मेले का स्वरूप विस्तृत हुआ और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के रूप में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी पहचान बना चुका है। यह स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का मंच देता है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम बताया।

उन्होंने कहा कि मेले लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ समाज को जोड़ने का काम करते हैं। पीढ़ियों से चली आ रही इन परंपराओं को सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।


चमोली के विकास और सीमांत गांवों पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने चमोली जिले की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। इस वीरभूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार चाहती है कि युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों के जरिए उनकी आय बढ़ाई जाए, ताकि उन्हें रोजगार के लिए घर छोड़कर पलायन न करना पड़े। इसके लिए पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना सहित कई योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।


'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड का कारोबार छह करोड़ के पार

मुख्यमंत्री ने चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, दालों, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में शुरू किए गए 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह उपलब्धि प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि चमोली के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से बद्रीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके पूरा होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।

सिमली अस्पताल और प्रेस क्लब भवन पर दिया आश्वासन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मांगों पर भी सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित करने और सभी संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही। इसके साथ ही क्षेत्र में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का आग्रह किया और इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इसके लिए विकास कार्यों को गति देने के साथ राज्य की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और जनभावनाओं का संरक्षण भी किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को गौचर मेले की शुभकामनाएं दीं और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।


दो योजनाओं का लोकार्पण, पेयजल व्यवस्था को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए दो योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड कर्णप्रयाग में 32.45 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना शामिल है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड गैरसैंण में 459.32 लाख रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्य का भी लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने और स्थानीय नागरिकों को सुविधा पहुंचाने में मदद मिलेगी।

पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए दो हस्तियों को सम्मान

गौचर मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा, ग्राम बमोथ, चमोली को 'गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026' से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी, बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून को 'पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026' प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों को बधाई देते हुए पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चमोली भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, राम चन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चन्द्रकला तिवारी, जिला सहकारी बैंक चमोली के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, नगर पालिका परिषद गौचर के अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी, भाजपा महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश और उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story