TRENDING TAGS :
एक अफवाह... और चली गई 6 लोगों की जान, हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में करंट फैलने की झूठी खबर से मची भगदड़
Haridwar Mansa Devi Temple Stampede: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मच गई, जिससे अभी तक 6 लोगों की मौत हो गई।
Haridwar Stampede
Haridwar Mansa Devi Temple Stampede: उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर में आज, रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां सावन माह और रविवार के संयोग के कारण भारी भीड़ जमा हो गई,जिससे भगदड़ मच गई। इस घटना में अभी तक 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं।
हादसे के कारणों की जानकारी
गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ जमा हो गई थी, जिसके परिणामस्वरूप भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है।
मंदिर की सीढ़ियों वाले रास्ते पर मची भगदड़
रिपोर्ट्स के अनुसार, सावन के पवित्र महीने में रविवार को दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। मंदिर की सीढ़ियों वाले रास्ते पर अत्यधिक भीड़ के चलते अव्यवस्था फैल गई और भगदड़ हो गई। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि मंदिर मार्ग पर अचानक एक बिजली का तार गिर गया, जिससे करंट फैलने की अफवाह फैल गई। इस अफरा-तफरी में लोग जान बचाने के लिए भागने लगे, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, "हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। SDRF, स्थानीय पुलिस एवं अन्य बचाव दल राहत कार्यों में लगे हुए हैं। मैं लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति की निगरानी कर रहा हूं। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।"
घायलों का इलाज जारी
इस घटना पर जानकारी देते हुए हरिद्वार के SSP प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने कहा कि मौके पर पहुंचकर करीब 33 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें से 6 लोगों की मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा, "घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि बिजली के करंट की अफवाह से भगदड़ मची। स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है और जांच टीम मौके पर मौजूद है।"


