हेंवल नदी पुनर्जीवन का मॉडल बना मिसाल, IFS धर्म सिंह मीणा ‘ईको वारियर अवार्ड’ से सम्मानित

Dharam Singh Meena Eco Warrior Award: उत्तराखंड कैडर के IFS अधिकारी धर्म सिंह मीणा को हेंवल नदी पुनर्जीवन और पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ईको वारियर अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया।

Shalni Kumari
Published on: 30 Sept 2026 2:01 PM IST (Updated on: 30 Sept 2026 2:02 PM IST)
हेंवल नदी पुनर्जीवन का मॉडल बना मिसाल, IFS धर्म सिंह मीणा ‘ईको वारियर अवार्ड’ से सम्मानित
X

Dharam Singh Meena Eco Warrior Award

Dharam Singh Meena Eco Warrior Award: उत्तराखंड कैडर के 2009 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी धर्म सिंह मीणा को पर्यावरण संरक्षण और हेंवल नदी के पुनर्जीवन के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘ईको वारियर अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया।

समारोह में महानिदेशक वन सुशील अवस्थी समेत भारतीय वन सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और पर्यावरण क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हेंवल नदी को जलागम तंत्र के रूप में विकसित करने की पहल

वर्तमान में भागीरथी वृत्त के वन संरक्षक धर्म सिंह मीणा ने नरेंद्रनगर वन प्रभाग में हेंवल नदी के पुनर्जीवन के लिए विशेष पहल की। इस परियोजना में नदी को केवल एक जलधारा के रूप में देखने के बजाय उसके जलागम, जंगल, स्प्रिंग, स्ट्रीम और रिचार्ज जोन को एक एकीकृत तंत्र के तौर पर विकसित करने पर जोर दिया गया।

इस मॉडल में वैज्ञानिक स्प्रिंगशेड और वाटरशेड प्रबंधन के साथ वन पुनर्स्थापन, जल संरक्षण और स्थानीय लोगों की भागीदारी को शामिल किया गया।

126 स्प्रिंग और 28 स्ट्रीम पर हुआ काम

परियोजना के तहत 126 स्प्रिंग, 28 स्ट्रीम और 16 रिचार्ज जोन में काम किया गया। इसके अलावा 1,58,572 जल संरक्षण एवं जल-संग्रहण संरचनाएं तैयार की गईं और 20.62 लाख पौधे लगाए गए।

इन प्रयासों से अनुमानित 438.66 मिलियन लीटर भूजल पुनर्भरण क्षमता विकसित हुई। परियोजना के वैज्ञानिक आकलन के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोलॉजी और IIT रुड़की का सहयोग लिया गया। इस दौरान जल प्रवाह, हाइड्रोग्राफ और हाइड्रोलॉजिकल आकलन भी किए गए।

ग्रामीणों और वन पंचायतों को भी जोड़ा गया

हेंवल नदी पुनर्जीवन परियोजना में ग्रामीणों, महिलाओं और वन पंचायतों को जलस्रोत संरक्षण, आजीविका और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया। हेंवल मॉडल के तहत जल संरक्षण को कृषि, जैव विविधता और इको-टूरिज्म से जोड़ने का भी प्रयास किया गया।

सामूहिक प्रयासों को दिया सम्मान का श्रेय

अवार्ड मिलने के बाद IFS अधिकारी धर्म सिंह मीणा ने इसे केवल व्यक्तिगत उपलब्धि न बताते हुए सरकार, अधिकारियों, फील्ड स्टाफ और स्थानीय समुदायों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान बताया।

इससे पहले हेंवल क्षेत्र में किए गए उनके कार्यों को जल शक्ति मंत्रालय की ‘जल चर्चा’ में ‘वाटर वारियर’ के रूप में भी रेखांकित किया जा चुका है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story