Uttarakhand News: मेरे सपनों का उत्तराखंड अभियान में 2.67 लाख विद्यार्थियों ने दिया विजन

Uttarakhand News: मेरे सपनों का उत्तराखंड अभियान में 2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक और पर्यावरण समेत आठ विषयों पर सुझाव साझा किए हैं।

Newstrack Network
Published on: 25 Aug 2026 10:40 PM IST
2.67 lakh students give vision in Uttarakhand campaign of my dreams
X

मेरे सपनों का उत्तराखंड अभियान में 2.67 लाख विद्यार्थियों ने दिया विजन (Photo- Newstrack)

Uttarakhand News: उत्तराखंड में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेश के युवा विद्यार्थियों का जबरदस्त समर्थन मिला है। राज्य की कक्षा 11वीं और 12वीं में पढ़ने वाले 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने विचार और विजन साझा करते हुए निबंध मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से 24 अगस्त तक अपने विचार साझा करने और उन्हें पोर्टल पर अपलोड करने का आह्वान किया था।

पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक राज्य के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं में कुल 2,96,426 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अभियान में हिस्सा लेकर उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपनी सोच, सुझाव और विजन सामने रखा है।

आठ प्रमुख विषयों पर सामने आए विद्यार्थियों के विचार

अभियान के तहत विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक सहित आठ प्रमुख विषयों पर अपने सुझाव और नए विचार प्रस्तुत किए हैं। इन निबंधों को केवल लेखन के तौर पर नहीं देखा जा रहा है, बल्कि इनमें उत्तराखंड की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और भविष्य के प्रदेश को लेकर उनकी सोच भी सामने आई है।

विद्यार्थियों ने अपने विचारों के जरिए यह बताने की कोशिश की है कि वे आने वाले समय में उत्तराखंड को किस तरह का प्रदेश देखना चाहते हैं। अभियान के माध्यम से पहली बार इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को प्रदेश के विकास और नीति निर्माण से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर मिला है।

पांच जिलों में शत प्रतिशत विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और चमोली जिलों में कक्षा 11वीं और 12वीं के शत प्रतिशत विद्यार्थियों ने अपने निबंध पोर्टल पर अपलोड किए हैं। पौड़ी में 98.82 प्रतिशत, अल्मोड़ा में 97.46 प्रतिशत, हरिद्वार में 91.77 प्रतिशत, टिहरी में 91.57 प्रतिशत, बागेश्वर में 89.26 प्रतिशत, नैनीताल में 85.89 प्रतिशत और उत्तरकाशी में 84.93 प्रतिशत विद्यार्थियों ने अभियान में भागीदारी की है।


देहरादून जिले में कक्षा 11वीं और 12वीं में कुल 63,666 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें से 47,358 विद्यार्थियों ने अपने निबंध पोर्टल पर प्रस्तुत किए हैं।

16 सितंबर को घोषित होंगे श्रेष्ठ विचारों के परिणाम

अभियान के तहत पोर्टल पर प्राप्त निबंधों और विद्यार्थियों के विचारों का फिलहाल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ विशेषज्ञों की टीम द्वारा अवलोकन और मूल्यांकन किया जा रहा है। श्रेष्ठ विचारों का चयन इसी प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा। चयनित श्रेष्ठ विचारों के परिणाम 16 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।

पहली बार विकास के विजन पर विद्यार्थियों से वैचारिक मंथन

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के जरिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के युवा विद्यार्थियों को सीधे राज्य के विकास और नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने की पहल की है। इस अभियान में 2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी इसकी व्यापकता और युवाओं के उत्साह को दिखाती है।

अभियान के तहत कुल 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ अपने विचारों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं भी इन विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उनके विजन, अनुभवों तथा सुझावों को सुनेंगे।

श्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ अन्य प्रोत्साहन और पुरस्कार दिए जाने की भी व्यवस्था की गई है।

हर सहभागी को मिला डिजिटल प्रमाण पत्र

अभियान में निबंध जमा करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया है। इसके साथ ही अभियान के तहत राज्य के प्रत्येक ब्लॉक, विद्यालय और विद्यार्थी से संबंधित विवरण का डेटा भी संकलित किया गया है। इससे अभियान की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में मदद मिली है।

नई पीढ़ी को विकास प्रक्रिया से जोड़ने की पहल

अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि नई पीढ़ी को सीधे राज्य की विकास प्रक्रिया और नीति निर्माण की सोच से जोड़ने की यह एक अभिनव पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ अपने विचार साझा किए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थी केवल उत्तराखंड का भविष्य नहीं हैं, बल्कि उनके विचार आज के उत्तराखंड को भी नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ के माध्यम से नई पीढ़ी की सोच को सुना जा रहा है। युवाओं के अच्छे और व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में स्थान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि युवा जिस उत्तराखंड का सपना देख रहे हैं, उसे साकार करने में उन्हें भी सहभागी बनाया जाए।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story