TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: नेपाल में भोटेकोशी नदी की बाढ़ पर सीएम धामी ने जताया गहरा दु:ख
Uttarakhand News: नेपाल में भोटेकोशी नदी की अचानक आई बाढ़ से हुए नुकसान पर सीएम धामी ने संवेदना जताई, कहा- संकट की घड़ी में उत्तराखंड नेपाल के साथ खड़ा है।
Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि और व्यापक नुकसान बेहद दुखद और चिंताजनक है। इस मुश्किल समय में उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और प्रभावित सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है।
भारत और नेपाल के रिश्ते आत्मीयता से जुड़े
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देश साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था, सामाजिक सरोकारों और आत्मीयता से जुड़े हुए हैं। उत्तराखंड और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध रहे हैं। दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच पारिवारिक रिश्तों के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध भी लगातार मजबूत हुए हैं।
कुमाऊं और नेपाल के बीच रहे हैं पुराने रिश्ते
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ विशेष और आत्मीय संबंध है। पिथौरागढ़ और चंपावत समेत सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते रहे हैं। ऐसे में नेपाल में आई आपदा का दुख उत्तराखंड के लोगों के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है।
संकट की घड़ी में नेपाली भाई-बहनों के साथ उत्तराखंड
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा है और संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ खड़ी है। उन्होंने आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों में जुटे सभी सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों को सराहनीय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नेपाल की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयास बेहद महत्वपूर्ण हैं।
हिमालयी क्षेत्र में आपदाओं का खतरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां भारत और नेपाल दोनों देशों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील बनाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नेपाल सरकार और वहां का प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करेगा और प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिलेगी।
प्रभावित लोगों के शीघ्र सुरक्षित होने की कामना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की समस्त जनता की ओर से नेपाल के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों के जल्द सुरक्षित होने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने नेपाल में जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने की भी प्रार्थना की है।


