TRENDING TAGS :
पौड़ी गढ़वाल हादसे पर CM धामी का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिवारों को 4 लाख और घायलों को 50 हजार की मिलेगी मदद
Pauri Garhwal Accident: पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद CM पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
Image Source – Social Media
Pauri Garhwal Accident: पौड़ी गढ़वाल जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहने की बात कही।
मृतकों के परिजनों को 4 लाख, घायलों को 50 हजार रुपये
मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक, सड़क दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, हादसे में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस आर्थिक मदद से दुर्घटना प्रभावित परिवारों को मुश्किल समय में कुछ राहत मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना
सीएम धामी ने दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
हादसा कब और कैसे हुआ?
पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को यह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रिखणीखाल से भंगलवाड़ गांव की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक ईको गाड़ी कलवाड़ी बैंड के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 से 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार लोग बैणी-भुली योजना के आवेदन भरने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के समय गाड़ी में ड्राइवर समेत 12 लोग सवार थे, जिसमें ज्यादातर महिलाएं थीं। दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।


