TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: CM धामी के सामने कर्मचारियों ने रखीं मांगें, पुरानी पेंशन से राजकीयकरण तक उठे मुद्दे
Uttarakhand News: उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी से विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। पुरानी पेंशन, पदोन्नति, वेतनमान और जल संस्थान के राजकीयकरण समेत कई मांगें रखी गईं।
Uttarakhand News (Image Credit-Newstrack)
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारी संगठनों ने अपने-अपने विभागों और संवर्गों से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडलों की बात सुनने के बाद संबंधित मांगों का नियमानुसार परीक्षण कर उचित समाधान की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश वरिष्ठ अधिकारियों को दिए।
बैठक में शिक्षा अधिकारी प्रशासनिक संवर्ग एसोसिएशन, उत्तराखंड के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गोविंद राम जायसवाल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक, अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक और खंड शिक्षा अधिकारियों के रिक्त पदों पर विभागीय पदोन्नति की मांग रखी। इसके साथ ही कर्मचारियों की परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद स्वतः स्थायीकरण की व्यवस्था लागू करने का अनुरोध किया।
जल संस्थान के राजकीयकरण की मांग
उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, जल संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के सामने उत्तराखंड जल संस्थान के राजकीयकरण की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में सरकार से आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।
वहीं, उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के खाली पदों को भरने की मांग की। संगठन ने उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में गैर-शिक्षण कर्मचारियों के पदों के पुनर्गठन और गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रयोगशाला सहायकों को दूसरे राज्य विश्वविद्यालयों के प्रयोगशाला सहायकों के समान वेतनमान देने की मांग भी रखी।
शिक्षकों ने पुरानी पेंशन और टीईटी में छूट की मांग उठाई
उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने 25 अक्टूबर 2005 से पहले विज्ञापित पदों पर नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने की मांग की। संगठन ने वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में छूट देने का भी अनुरोध किया।
स्वास्थ्य और अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी रखीं मांगें
बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन, उत्तराखंड एएनएम संवर्ग संगठन, लैब टेक्निशियन संगठन, राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ उत्तराखंड, माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ, अंशकालिक शिक्षक संघ और उत्तराखंड राज्य आबकारी निरीक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल भी मुख्यमंत्री से मिले।
इन संगठनों ने अपने-अपने संवर्ग से संबंधित विभिन्न समस्याओं और मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया तथा उनके समाधान की मांग की।
CM धामी ने अधिकारियों को दिए जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु को निर्देश दिए कि कर्मचारी संगठनों की ओर से रखी गई मांगों और समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से नियमानुसार परीक्षण कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए उचित समाधान की दिशा में काम करने को कहा।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. काण्डपाल समेत मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


