Uttarakhand में सड़क हादसों पर लगेगी लगाम, प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान, CM ने दिए सख्त निर्देश

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवहन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन को समन्वय से कार्रवाई के निर्देश दिए, यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती।

Newstrack Network
Published on: 28 Nov 2026 7:26 PM IST
road accidents in Uttarakhand, special campaign to run across the state, CM gives strict instructions
X

Uttarakhand में सड़क हादसों पर लगेगी लगाम, प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान, CM ने दिए सख्त निर्देश (Photo- Social Media)

Uttarakhand News: प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने सड़क हादसों की रोकथाम के लिए परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को मिलकर प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पूरे प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जाए। इस दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में गाड़ी चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। हेलमेट और सीट बेल्ट सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरतने को कहा गया है।

पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस, यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहराई से विश्लेषण किया जाए और दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित किया जाए। ऐसे स्थानों पर जरूरी सुधार और सुरक्षा उपाय किए जाएं। पर्वतीय सड़कों पर जरूरत के अनुसार सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

विभागों की जवाबदेही होगी तय

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम करने के लिए ठोस, प्रभावी और परिणाम देने वाली कार्रवाई की जाए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story