कन्या पूजन के बीच नवजात से क्रूरता, रुद्रपुर में कार के नीचे मिली मासूम

Uttarakhand News: रुद्रपुर में शनिवार शाम कार के नीचे से नवजात बच्ची के रोने की आवाज आई। करीब दो दिन की मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया गया.

Kumud Gupta
Published on: 17 Oct 2026 10:18 PM IST
कन्या पूजन के बीच नवजात से क्रूरता, रुद्रपुर में कार के नीचे मिली मासूम
X

social media image

Uttarakhand News: रुद्रपुर के इंद्रा कॉलोनी और सिंह कॉलोनी को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर अचानक एक ऐसी आवाज सुनाई दी, जिसने वहां मौजूद लोगों को चौंका दिया। सड़क किनारे खड़ी कार के नीचे से आ रही रोने की आवाज का पता लगाने के लिए लोग पास पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। करीब दो दिन की मासूम की हालत खराब थी। आखिर इस बच्ची को वहां कौन छोड़ गया? सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

शनिवार शाम करीब सवा छह बजे संपर्क मार्ग पर खड़ी एक कार के नीचे से अचानक बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद लोगों ने जब जाकर देखा तो वहां नवजात बच्ची पड़ी हुई थी। मासूम की हालत खराब थी। उसे इस तरह बेसहारा देखकर लोगों ने तुरंत आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी प्रदीप पंत को सूचना दी।

पुलिस ने जिला अस्पताल में कराया भर्ती

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देर किए बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ विभव सैनी, चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधि और चिकित्सकों की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। चिकित्सकों ने बच्ची का उपचार शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

नवरात्र में आस्था के बीच इंसानियत शर्मसार

नवरात्र में जहां छोटी बच्चियों को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर कन्या पूजन किया जा रहा है, वहीं रुद्रपुर में नवजात बच्ची को बेसहारा छोड़ने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया। जिस मासूम को जन्म के बाद अपनों की देखभाल और सुरक्षा मिलनी चाहिए थी, उसे सड़क किनारे कार के नीचे छोड़ दिया गया।

गनीमत रही कि बच्ची के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों का ध्यान उस ओर चला गया और समय रहते पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस की मदद से मासूम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। इस घटना ने एक बार फिर नवजात बच्चों की सुरक्षा और उनके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Kumud Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Kumud Gupta

Mail ID - gkumud27@gmail.com Content Writergkumud27@gmail.com

I am currently pursuing a Bachelor of Journalism and Mass Communication (BJMC) and am a 5th Semester student at KITM Group of Institutions, Khatima, Uttarakhand. I have a strong interest in content writing, particularly on crime, politics, social issues, and history.

Next Story